हरिद्वार में हाई अलर्ट, चारधाम यात्रा को लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार जांच
हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी कड़ी में बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) एवं डॉग स्क्वायड की टीमों ने मंगलवार को प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशानुसार जनपद में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार जांच की जा रही है।
क्राइम मीटिंग के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन में पुलिस, बीडीएस और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीमें सक्रिय रूप से तैनात हैं। इसी कड़ी में टीमों ने मां मनसा देवी मंदिर और मां चंडी देवी मंदिर परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मंदिर परिसर, मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु एवं वाहनों की गहन जांच की गई।
डॉग स्क्वायड के प्रशिक्षित श्वानों एवं आधुनिक उपकरणों की सहायता से पूरे क्षेत्र को बारीकी से खंगाला गया, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। पुलिस प्रशासन ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके मद्देनजर ऐसे सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
