आईपीएल 2026 : सनराइजर्स ने केकेआर को दिया 227 रन का लक्ष्य, क्लासेन ने जड़ा अर्धशतक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कोलकाता। सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में बृहस्पतिवार को यहां पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आठ विकेट पर 226 रन बनाये। सनराइजर्स के लिए हेनरिच क्लासेन ने सबसे ज्यादा 52 रन की पारी खेली। अभिषेक शर्मा ने 48, ट्रेविस हेड ने 46 और नीतिश कुमार रेड्डी ने 39 रन का योगदान दिया। ब्लेसिंग मुजरबानी चार विकेट के साथ केकेआर के सबसे सफल गेंदबाज रहे। वैभव अरोड़ा को दो सफलता मिली। 

अभिषेक-हेड ने SRH को दिलाई तेज शुरुआत

सनराइजर्स हैदराबाद की पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने की। दोनों ओपनर्स ने तूफानी बल्लेबाजी की और टीम को तेज शुरुआत दिलाई, मगर पावरप्ले में ट्रेविस हेड के रूप में सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका लगा। कार्तिक त्यागी ने हेड को पवेलियन का रास्ता दिखाया। हेड 21 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 6 चौका और 3 छक्का लगाए।

इसके बाद एक ही ओवर में ब्लेसिंग मुजरबानी ने सनराइजर्स हैदराबाद को 2 झटके दिए। 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर मुजरबानी ने कप्तान ईशान किशन को पवेलियन का रास्ता दिखाया। ईशान 9 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। फिर चौथी गेंद पर अभिषेक शर्मा अपना शिकार बनाया। अभिषेक ने 21 गेंदों पर 48 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौका और 4 छक्का निकला। फिर अनुकूल रॉय ने 1 रन के निजी स्कोर पर अनिकेत वर्मा को चलता किया. इस तरह सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 गेंद के भीतर 3 विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी के बीच पांचवे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी हुई मगर 19वें ओवर में वैभव अरोड़ा ने लगातार 2 विकेट लेकर सनराइजर्स हैदराबाद के रनों की गति को रोका।  इस ओवर की पहली गेंद पर वैभव ने नीतीश रेड्डी को चलता किया। नीतीश रेड्डी 24 गेंद पर 39 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अगली ही गेंद पर सलिल अरोड़ा को पवेलियन भेजा। सलिल खाता भी नहीं खोल पाए।

संबंधित समाचार