CM योगी का बड़ा ऐलान: यूपी पुलिस में 81 हजार पदों पर होंगी भर्तियां

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : यूपी पुलिस में भर्ती होने की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। यूपी पुलिस में बंपर नौकरियां निकलने जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इसका ऐलान किया। सीएम ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 81,000 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इससे राज्य की कानून व्यवस्था और मजबूत होगी। युवाओं को नौकरियां मिलेंगी। 

यूपी पुलिस में भर्तियों के इस घोषणा ने राज्य के लाखों युवाओं को उम्मीद दी है। लंबे समय से विभिन्न फोर्सेज में भर्ती होने की तैयारियों में जुटे नौजवान अब यूपी पुलिस में भाग्य आजमा सकेंगे। माना जा रहा है कि जल्द ही भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी। कुछ पदों को प्रक्रिया पहले ही शुरू भी की जा चुकी है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि भर्तियां पारदर्शी तरीके से की जाएं। उन्होंने अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाएं। 

किन पदों पर होंगी भर्तियां 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी पुलिस में विभिन्न पदों पर ये भर्तियां की जाएंगी। सब-इंस्पेक्टर, आरक्षी, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए, रेडियो सहायक, एसआई गोपनीय आदि पद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न पदों पर भर्ती के जरिये राज्य को आधुनिक, तकनीक से परिपूर्ण और सक्षम पुलिस बल मिलेगा। 

जांच तेज, हेल्पलाइन सेवा मजबूत 

मुख्यमंत्री ने साइबर हेल्पलाइन सेवा को और सशक्त करने के निर्देश दिए हैं। लिहाजा, अब साइबर हेल्पलाइन सेवा 1930 की कॉल हैंडलिंग क्षमता 1709 से बढ़ाकर 7467 कर दी गई है। इसी तरह सतर्कता अधिष्ठान में लंबित 414 जांचों में से 340 जांचों को इसी साल पूरा करने का टारगेट दिया है। सीएम ने पीआरवी-112 सेवा का रेस्पॉन्स टाइम औसतन 6 मिनट करने का निर्देश दिया है। अग्निशमन सेवाओं के लिए एक तहसील, एक फायर टेंडर मॉडल को अतिशीघ्र लागू करने को कहा है।

संबंधित समाचार