बेमौसम बारिश ने बढ़ायी किसानों की चिंता: गेहूं, आम और अन्य रबी की फसलों को भारी नुकसान, पेड़ों पर आई बौर भी झड़ रही
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में शुक्रवार को अचानक तेज आंधी के साथ हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। इस बारिश से गेहूं, आम और अन्य रबी की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
क्षेत्र में गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन बारिश के कारण उसके खराब होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं, आम के पेड़ों पर आई बौर भी झड़ रही है, जिससे आम की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है।
किसान इंद्रेश कुमार, देवराज शुक्ला, मोहन पाल और राजू गुप्ता सहित कई अन्य किसानों ने बताया कि बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि बारिश के कारण फसलें काली पड़ जाएंगी या सड़ जाएंगी। इससे उनकी सालों की मेहनत बेकार हो जाएगी।
साथ ही काफी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा, "सरकार की तरफ से भी हम लोगों को कोई आश्वासन नहीं दिया जा रहा है कि यदि फसलें बर्बाद होगी तो उनको मुआवजा दिया जायेगा जिसको लेकर किसान चिंतित है।
