Heat Wave: गर्मी के प्रकोप से आमजन को बचाने के लिए वाराणसी नगर निगम ने किए विशेष इंतजाम 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

वाराणसी: भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए शहर में विशेष इंतजाम किए हैं। तीखी धूप और लगातार बढ़ते तापमान के कारण घाटों से लेकर प्रमुख बाजारों और सड़कों तक लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ग्रीन शेड लगाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को तेज धूप से राहत मिल सके। 

इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है तथा 17 वाटर एटीएम भी स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। दशाश्वमेध, गोदौलिया, गिरजाघर और अन्य भीड़भाड़ वाले मार्गों पर गर्मी से राहत देने के लिए मिस्ट गन भी लगाई गई हैं, जिनसे पानी की महीन फुहार छोड़ी जा रही है। 
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काशी देश के दस सबसे गर्म शहरों में शामिल रही, जबकि उत्तर प्रदेश में यह चौथा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। तेज लू और चिलचिलाती धूप के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ देखी गई। 

गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी विद्यालयों को 19 मई से 25 मई तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इंटरमीडिएट तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। साथ ही किसी भी प्रकार के समर कैंप या अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन पर भी रोक लगा दी गई है। 

संबंधित समाचार