भारतेंदु नाट्य अकादमी का स्वर्ण जयंती समारोह आज से, मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, रंगकर्मियों को करेंगे सम्मानित
लखनऊ, अमृत विचार: आठ दिवसीय भारतेंदु नाट्य अकादमी का स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन रविवार को बिसारिया प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। संस्कृति और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, नगर प्रमुख सुषमा खर्कवाल, सांसद दिनेश शर्मा और क्षेत्रीय विधायक मौजूद रहेंगे। इस दौरान योगी नाट्य जगत की विभूतियों को सम्मानित भी करेंगे। 12 अप्रैल तक चलने वाले इस समारोह में नाट्य संस्थाएं दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक नाटकों का मंचन करेंगी।
भारतेंदु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रति शंकर त्रिपाठी ने स्वर्ण जयंती समारोह 9 दिन चलेगा, लेकिन इसके बाद साल भर तक कार्यक्रम चलते रहेंगे। अकादमी के विद्यार्थी शहर में विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक करेंगे और लोगों को नाट्य विधा के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें भारतेंदु नाट्य अकादमी से जोड़ने का काम भी करेंगे। उन्होंने बताया कि अकादमी में 22 सीटें हैं, यहां 28 राज्यों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। अकादमी के जीर्णोद्धार के साथ ही इसके प्रेक्षागृह भी बहुत शानदार हो गये हैं। अकादमी इन्हें बाहर के कार्यक्रमों के लिए किराये पर देगी लेकिन नाटकों के मंचन के लिए किराया कम रखा जाएगा ताकि रंगकर्मियों को दिक्कत न हो। प्रेस कांफ्रेंस में अकादमी के निदेशक विपिन कुमार भी मौजूद थे।
स्वर्ण जयंती पर सम्मानित होंगे 15 रंगकर्मी
भारतेंदु नाट्य अकादमी के स्वर्ण जयंती समारोह में 15 रंगकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में मुनीश सप्पल (मुम्बई), मंजू ब्रजनंदन शर्मा (सहारनपुर), डॉ. देवेन्द्र कुमार त्रिपाठी (प्रयागराज), डॉ. अजीत सैगल (वाराणसी), चित्र मोहन (प्रयागराज), राकेश पाण्डेय (भदोही), किरण बिसारिया (लखीमपुर), राकेश निगम (लखनऊ), पद्मश्री रामगोपाल बजाज (दिल्ली), आलोक पाण्डेय (शाहजहांपुर), अजय मलकानी (रांची), पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी (लखनऊ), रविशंकर खरे (गोरखपुर), कुशल दुबे (जौपुर) और प्रमोद सिंह राणा (आगरा) का नाम शामिल है। 5 अप्रैल को जो रंगकर्मी सम्मान से छूट जाएंगे उनका स्वर्ण जयंती के किसी अन्य समारोह में सम्मान किया जाएगा।
