अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में नेशनल पीजी कॉलेज में जुटेंगे दिग्गज, भारतीय ज्ञान प्रणाली और विकसित भारत पर देश-विदेश के विशेषज्ञ करेंगे मंथन
नेशनल पीजी कॉलेज में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का पोस्टर विमोचन करते सांसद व महाविद्यालय के प्रबंधक उज्जवल रमण सिंह साथ में अन्य।
लखनऊ, अमृत विचार: नेशनल पीजी. कॉलेज में 6 से 8 अप्रैल तक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहा है जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ भारतीय ज्ञान प्रणाली और विकसित भारत को लेकर मंथन करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का विषय रीइमेजिंग सस्टेनेबल डेवलपमेंट एंड गवर्नेंस इंडियन नॉलेज सिस्टम विजन विकसित भारत 2047 निर्धारित किया गया है। शनिवार को सांसद और महाविद्यालय के प्रबंधक उज्जवल रमण सिंह और शिक्षकों ने पोस्टर विमोचन किया।
सम्मेलन का आयोजन 6 अप्रैल को दस बजे से प्रारंभ होगा। प्रमुख अतिथियों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारी और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील देवधर शामिल रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रो. एसपी सिंह, प्रो. विवेक पांडेय, डॉ. भारत ठाकुर व प्रो. एमएम. गोयल उपस्थिति रहेंगे। प्रो. सुभाष सी. चौहान (यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, अमेरिका) ऑनलाइन माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। डॉ. तमता लेकिसिवली यूनिवर्सिटी ऑफ़ जॉर्जिया से भी अंतर्राष्ट्रीय वक्ता के रूप में सहभागिता करेंगी।
उद्घाटन सत्र के पश्चात तकनीकी सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शोधार्थी एवं विशेषज्ञ अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन के प्रथम दिवस 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
