दिल्ली विधानसभा में लोहे का द्वार को तोड़कर जबरन अंदर घुसी एसयूवी, तीन पकड़े गए, वाहन जब्त

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार दोपहर उस वक्त बड़ी सेंध लग गई, जब एक नकाबपोश व्यक्ति एसयूवी लेकर परिसर की सीमा पर बने द्वार को तोड़कर जबरन अंदर घुस गया और विधानसभा अध्यक्ष की कार पर एक गुलदस्ता रखकर उसी रास्ते से निकल भी गया। इसके बाद हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बाद में उत्तर दिल्ली से कार चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया और वाहन को जब्त कर लिया।

पुलिस की कई टीमों और बम निरोधक दस्ते ने विधानसभा परिसर की पूरी तरह से तलाशी ली ताकि किसी भी तरह के खतरे की संभावना को खत्म किया जा सके। इस तलाशी के बाद परिसर में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने गुलदस्ते की भी जांच की। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।

एक पुलिस अधिकारी ने विधानसभा को हाल में मिली बम की धमकियों का जिक्र करते हुए कहा "इस पूरी घटना के मकसद पर टिप्पणी करना अभी जल्दबाजी होगी। हमारी टीमें उससे पूछताछ कर रही हैं। मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन हम हर संभव कोण से पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।"

अधिकारी ने कहा, "पूरी घटना बहुत जल्दी, महज पांच से सात मिनट में घटित हुई।" अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंजीकरण नंबर वाली कार अपराह्र करीब दो बजे गेट नंबर 2 को तोड़कर विधानसभा परिसर में घुसी। यह कार पीलीभीत क्षेत्र की है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कार बेहद लापरवाही से चलाई जा रही थी और दिल्ली विश्वविद्यालय की तरफ से आ रही थी।

उन्होंने बताया कि चालक ने गाड़ी अचानक बाईं ओर मोड़ी, वाहन को मुख्य द्वार से टकरा दिया, बैरियर तोड़कर विधानसभा परिसर में प्रवेश कर गया। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने विधानसभा परिसर में अध्यक्ष के कार्यालय के बरामदे में खड़ी उनकी आधिकारिक गाड़ी के अंदर एक गुलदस्ता और एक माला रख दी।

उन्होंने बताया कि बाद में, विस्फोटक सामग्री होने की आशंका के चलते गुलदस्ते और माला को हटाकर बरामदे के पास रख दिया गया, विधानसभा में संयुक्त सचिव (प्रेस) कंचन आज़ाद ने कहा, " यह विशेष रूप से चिंताजनक है कि कार एक बंद गेट को तोड़कर अंदर घुस गई और लगभग पांच मिनट तक परिसर के अंदर खड़ी रही।"

उन्होंने बताया कि दिल्ली विधानसभा में छह द्वार हैं। द्वार संख्या दो वीआईपी द्वार के रूप में निर्धारित है और इसे केवल महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान ही खोला जाता है, जबकि द्वार संख्या 1 और सर्विस द्वार सामान्य आवागमन के लिए उपयोग किए जाते हैं। सूत्रों के अनुसार, चूंकि यह मुख्य द्वार नहीं है, इसलिए इस द्वार पर सीआरपीएफ का एक जवान तैनात किया गया था। जब सदन का सत्र नहीं चल रहा होता है, तब इसके आसपास सुरक्षा अपेक्षाकृत कम रहती है।

पुलिस ने बताया कि विधानसभा के मुख्य प्रवेश द्वार पर सीआरपीएफ के अधिकांश जवान तैनात रहते हैं। एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विधानसभा में प्रतिदिन कुल 22 सीआरपीएफ जवान और 70 से 80 पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना ने सुरक्षा संबंधी "गंभीर" चिंताएं पैदा कर दी हैं और अधिकारी इसे संभावित "सुरक्षा चूक" के रूप में देख रहे हैं।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, "कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हालांकि, घटनाओं के क्रम को समझने और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने के लिए फोरेंसिक टीमों ने दो बार घटनास्थल का दौरा किया।" घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस प्रमुख सतीश गोलछा और विशेष पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) रविंद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का निरीक्षण किया। यादव ने बताया कि पुलिस ने घटनाओं के क्रम का पुनर्निर्माण करने के लिए इलाके और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की।

उन्होंने कहा, "घटना के तुरंत बाद और अधिकारियों से मिली सूचना के आधार पर, संदिग्ध कार के विवरण के साथ आसपास के राज्यों और स्थानीय थानों को अलर्ट भेजा गया।" अधिकारी ने बताया, "पूरी राष्ट्रीय राजधानी में सड़कों पर कई बैरिकेड और नाके लगाए गए थे, और कार रूप नगर पुलिस नाके के पास देखी गई।

कार चालक तेज गति से गाड़ी चलाकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सतर्क कर्मचारियों ने उसे रोककर हिरासत में ले लिया" पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुल तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और सभी संदिग्धों की पहचान की जांच जारी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "उत्तरी दिल्ली से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। कार को भी जब्त कर लिया गया है।" यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब विधानसभा को हाल में समाप्त हुए बजट सत्र के दौरान बम संबंधी घटना हुई थी। 

संबंधित समाचार