कानपुर : फूलबाग में भीषण आग से फल व सब्जी मंडी राख, 20 से अधिक दुकानें और 30 से ज्यादा घर जले
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के फूलबाग स्थित ओईएफ किला के पास लगने वाली फल मंडी में भीषण आग की चपेट में सब्जी मंडी भी आ गई जिससे 20 से अधिक फल और सब्जी मंडी के अतिरिक्त 30 से अधिक घर की गृहत्थी जलकर खाक हो गयी। सोमवार को ओईएफ के पास शाम 5.45 बजे फल मंडी में तीन दुकानों में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई।
घनी आबादी होने के कारण 15 फिट ऊंची आग की लपटें देख माल रोड तक हड़कंप मच गया। देखते ही देखते वहां लगभग 30 घर भी आग की चपेट में आ गये क्योंकि ज्यादातर सब्जी और फल दुकानदारों ने मंडी के पास ही टट्टर लगाकर घर बना रखा था। आग ने फल, सब्जी की दुकानों को राख कर दिया। कुछ ही पल में आग घरों तक पहुंच गयी। घरों में कई गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से अफरातफरी मच गयी।
घटना की जानकारी मिलते ही लाटूश रोड समेत कई फायर स्टेशन की गाड़ियां मौके पर पहंची और आग पर काबू पाया लेकिन तब तक पूरी मंडी जलकर राख हो गयी। हालांकि आग कैसे लगी, ये जानकारी नही हो सकी है लेकिन प्रथम दृष्टया हाईटेंशन में शार्ट सर्किट से आग लगना बताया जा रहा है।
सब्जी दुकानदार झुलसा, बेटी के दहेज का सामान जला
फूलबाग में आग बुझाने के चक्कर में एक सब्जी दुकानदार का हाथ झुलस गया जबकि एक परिवार बिलखता रहा क्योंकि उनके बेटी की शादी होना था जिसका पूरा दहेज का सामान घर में रखा था लेकिन सब जलकर राख हो गया।
केस्को-नगर निगम की गलती से गरीबों का आशियाना राख
घटनास्थल पर पहुंचे आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ वाजपेयी ने आरोप लगाया कि केस्को और नगर निगम की गलती से गरीबों का आशियाना राख हुआ है। विधायक ने बातचीत में कहा कि नगर निगम ने फल और सब्जी मंडी को माल रोड से शिफ्ट करके हाईटेंशन लाइन के नीचे मंडी लगवा दी जबकि केस्को को कई बार लिखा गया कि यहां के पेड़ की छंटाई कर दें लेकिन केस्को ने पेड़ की छंटाई नहीं कराई और हाईटेंशन लाइन के आपस में टकराने से इतनी बड़ी घटना हो गयी।
जूही लाल कालोनी में गृहस्थी राख
जूही लाल कालोनी में आग लगने से घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। जूही निवासी अब्बास अपने रिश्तेदार के यहां लखनऊ शादी में शिरकत गये थे। अनुमान है कि शार्ट सर्किट से घर में आग लगी। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
