Bareilly: महिला को गोली मारने का मामला, इंस्पेक्टर, दरोगा, सिपाही निलंबित
बरेली, अमृत विचार। पुरनापुर गांव में दो पक्षों के विवाद में रविवार को महिला को गोली मारकर कर घायल करने क मामले में लापरवाही पर एसएसपी ने दरोगा और सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करा दी है। तत्कालीन थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश शुक्ला को भी निलंबित कर दिया गया।
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरनापुर में दो पक्षों के बीच 4 अप्रैल को गाली-गलौज व मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों द्वारा थाना बिथरी चैनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवाद का मूल कारण पूर्व में युवती को भगा ले जाने की रंजिश थी। प्रकरण की जानकारी होने के बावजूद हल्का प्रभारी एसआई अमरेश कुमार ने समय रहते प्रभावी कार्यवाही नहीं की।
बीट आरक्षी आकाश द्वारा भी उच्चाधिकारियों को अवगत नहीं कराया गया। रविवार को दोनों पक्षों में विवाद बढ़ने के बाद महिला को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। एसएसपी अनुराग आर्य ने दरोगा अमरेश कुमार और बीट सिपाही आकाश को निलंबित करके विभागीय जांच शुरू करा दी है। तत्कालीन थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश शुक्ला को भी निलंबित कर दिया गया। उनका ट्रांसफर शनिवार को हुआ था।
