कानपुर : विकास भवन में बिजली न होने से आवेदक परेशान, जानिए क्या बोले कर्मचारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। बीते शनिवार को हुई तेज आंधी और बारिश के कारण बिगड़ी बिजली व्यवस्था सोमवार को भी ठीक नहीं हो पाई। इसके चलते विकास भवन स्थित सरकारी कार्यालयों में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी काफी परेशान दिखे। वृद्धा पेंशन, ओबीसी छात्रवृत्ति और फसल क्षतिपूर्ति जैसे मामलों में आए आवेदकों को अधिकारियों और लिपिकों ने सिर्फ बिजली न आने की समस्या बताई। 

विभागों के इनवर्टर भी काम नहीं कर रहे थे, जिससे कंप्यूटर पर योजनाओं का डाटा चेक करना संभव नहीं हो पा रहा था। हंसपुरम से वृद्धा पेंशन का आवेदन लेकर पहुंची रूखसाना और कपिल ने बताया कि बाबुओं ने उन्हें दो दिन बाद फिर आने को कहा है। 

इसी तरह पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के कार्यालय में दर्जनों छात्र अपनी छात्रवृत्ति संबंधी समस्या लेकर पहुंचे, लेकिन बिजली न होने के कारण उन्हें भी बाद में आने को कहा गया।आंधी-बारिश से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी लेने पहुंचे किसान और आवास योजना के बारे में पूछताछ करने वाले लोग भी बिना काम कराए निराश होकर लौट गए।

संबंधित समाचार