बदला मौसम का मिजाज: तेज हवाओं और बूंदाबांदी ने फिजा में पैदा की ठंडक, आंधी के खौफ से किसान परेशान
बरेली, अमृत विचार। शहर का मौसम मंगलवार को तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी के बाद खुशगवार हो गया। हालांकि सुबह से ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तेज हवा और आंधी चलने से सड़कों पर धूल का गुबार फैल गया।
मंगलवार सुबह से ही फिजा में ठंडक महसूस की गई। सूरज की लुकाछिपी दोपहर तक जारी रही। वहीं दोपहर 2 बजे बाद मौसम ने पूरी तरह करवट ली और आसमान घने बादल छा गए। काफी देर तक तेज हवाएं चलीं और फिर हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को राहत दी। दोपहर के वक्त 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं तेज हवाओं ने किसानों के माथे पर शिकन जरूर पैदा कर दी। दो दिन पहले चली आंधी किसानों को काफी नुकसान पहुंचाया था।
भीषण आंधी और बेमौसम बारिश ने जिले के सैकड़ों किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया था। फसल बीमा कंपनी की शुरुआती जांच और सर्वे के मुताबिक, बहेड़ी, फरीदपुर और आंवला तहसीलों में कुदरत का सबसे ज्यादा प्रकोप देखा गया है। जिले में लगभग पौने दो लाख हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की खेती होती है, जिसमें से प्राथमिक अनुमानों के अनुसार करीब 20 फीसदी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
