सीबीआई का बड़ा एक्शन: नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के प्रबंधक और जांच अधिकारी गिरफ्तार
नई दिल्लीः केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 26 लाख रुपये से अधिक की रिश्वत के मामले में नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के एक प्रबंधक और एक जांच अधिकारी को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आरोप है कि आरोपियों ने हरियाणा के मानेसर में स्थित एक निजी अस्पताल में कैशलेस चिकित्सा सुविधा को फिर से शुरू करने के लिए शिकायतकर्ता से तीन लाख रुपये का अनुचित लाभ मांगा था। आरोपियों को नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा जांच के लिए नियुक्त किया गया था।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ''आरोप यह भी है कि शिकायतकर्ता ने मांगी गई 3,00,000 रुपये की रिश्वत में से पहले ही 1,00,000 रुपये की राशि दे दी थी। बातचीत के बाद आरोपी शिकायतकर्ता से 2,60,000 रुपये का अनुचित लाभ लेने के लिए सहमत हो गए थे।''
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता को मंगलवार को शेष 1.6 लाख रुपये की रिश्वत देने को कहा था। केंद्रीय एजेंसी ने जांच के सिलसिले में जांच अधिकारी को रिश्वत मांगते हुए गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई प्रवक्ता ने कहा, ''जांच के दौरान नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के आरोपी प्रबंधक की भूमिका भी सामने आई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।''
