अखिलेश ने रवि किशन की टिप्पणी को लेकर कसा तंज : वह जनप्रतिनिधि हैं न कि मुख्यमंत्री का खिलौना 

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रवि किशन की एक कथित टिप्पणी को लेकर उन पर तंज कसते हुए बुधवार को कहा कि वह जन प्रतिनिधि हैं, ''न कि मुख्यमंत्री का खिलौना।'' रवि किशन ने खुद को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए 'स्ट्रेस बस्टर' (तनाव दूर करने वाला) बताया था, जिसे लेकर कई प्रतिक्रियाएं आई हैं। 

सपा प्रमुख ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में, सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए उसकी प्राथमिकताओं पर सवाल उठाया और उस पर जनता के मुद्दों के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''सासंद जनता का प्रतिनिधि होता है, मुख्यमंत्री का खिलौना नहीं। यह भाजपा सरकार है या सर्कस?'' उन्होंने कहा, ''प्रदेश की जनता दुख-दर्द-दिक़्क़तों का सामना कर रही है और भाजपा सरकार के लोग आपस में विदूषक-विदूषक के खेल का आनंद ले रहे हैं।

ऐसे जन प्रतिनिधियों के कारण ही गोरखपुर आज शर्मिंदा है।'' कन्नौज से सपा सांसद ने कहा, ''वैसे इस बात का खुलासा करने के लिए सांसद जी (रवि किशन) को दंड जरूर मिलेगा कि मुख्यमंत्री जी 'स्ट्रेस' में हैं। जब सत्ता जाना तय हो गया है और उनके अत्याचार व भ्रष्टाचार के कारण जनता आक्रोशित है, ऐसे हालात में उन्हें तनाव तो होगा ही।'' सपा प्रमुख का यह पोस्ट मीडिया में आई उन खबरों पर आधारित है जिनमें कहा गया है कि गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनकी संगत पसंद है और वह उनके लिये 'स्ट्रेस बस्टर' का काम करते हैं। मुख्यमंत्री को अक्सर गोरखपुर में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रमों में सांसद रवि किशन की चुटकी लेते और उन पर हास्य—विनोद वाली टिप्पणियां करते देखा जाता है। सपा प्रमुख की टिप्पणियों पर भाजपा या रवि किशन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। 

बाँटो और राज करो की नीति पर भाजपा और उसके सहयोगी दल 

अखिलेश यादव बुधवार को कहा कि ये लोग 'बाँटो और राज करो' की सोच पर काम कर रहे हैं और देश के लोगों को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि कुछ संगठन अपनी पहचान छुपाकर समाज में सक्रिय हैं और लोगों के बीच दरार पैदा करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों को "अनरजिस्टर्ड गिरोह" करार देते हुए आरोप लगाया कि ये समाज में अस्थिरता फैलाकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहते हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि आम जनता शांति और भाईचारा चाहती है, लेकिन कुछ स्वार्थी लोग समाज में भय और अविश्वास का वातावरण बनाकर अपने राजनीतिक हित साधने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग भोले-भाले लोगों को बहकाकर हिंसा और तनाव की स्थिति पैदा करते हैं। 

समाचार सोर्स : भाषा

संबंधित समाचार