UP: विकास भवन में मनरेगा कार्यालय से निकलीं आग की लपटे, दमकल ने किया काबू
शाहजहांपुर, अमृत विचार। विकास भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित मनरेगा कार्यालय में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। खिड़कियों से धुआं और लपटें निकलती देख भवन में मौजूद कर्मचारी और आसपास के लोग घबरा गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया, हालांकि आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
दोपहर करीब दो बजे जैसे ही कार्यालय की खिड़कियों से धुआं उठता दिखा, अन्य कमरों में काम कर रहे कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। इस दौरान सदर थाना प्रभारी बृजेश सिंह की ओर से पुलिस टीम भी मौके पर भेजी गई, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी अपराजिता सिंह ने बताया कि विकास भवन में आग लगने की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की गई और आग को नियंत्रित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं से बचाव किया जा सके।
