Bareilly: मंडी में सब्जियों के मिल रहे अच्छे दाम, किसानों की आमदनी में इजाफा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। मंडी में सब्जियों के बेहतर दाम मिलने से किसानों की आय में इजाफा हो रहा है। मंडी में टमाटर करीब 1700 प्रति क्विंटल तक बिक रहा है। हरी मिर्च 25 सौ प्रति क्विंटल में बिक रही है। जिससे किसानों को सीधा फायदा मिल रहा है।

मंडी में बढ़ती आवक के बावजूद दामों में स्थिरता बनी हुई है, जो किसानों के लिए राहत भरी स्थिति है। खास बात यह है कि इस बार सब्जियों के दामों में सुधार ने छोटे और मध्यम किसानों को भी मजबूत सहारा दिया है। फरीदपुर क्षेत्र के किसान श्यामपाल गंगवार ने बताया कि इस बार सब्जियों का भाव अच्छा मिल रहा है। पिछले साल के मुकाबले करीब 200-300 रुपये ज्यादा मिल रहे हैं, जिससे लागत निकालने के साथ कुछ बचत भी हो रही है।

नवाबगंज के किसान शकील अहमद ने बताया कि टमाटर और सब्जियों के दाम बेहतर मिलने से हमारी आमदनी बढ़ी है। बुधवार को मंडी में प्याज एक हजार रुपये, बैंगन 12 सौ, लौकी आठ सौ रुपये प्रति क्विंटल बिकी। मंडी के आढ़ती मुकेश गुप्ता ने बताया कि इस समय बाजार में मांग और आपूर्ति का संतुलन बना हुआ है, जिससे दाम स्थिर हैं।

संबंधित समाचार