अग्निवीर भर्ती: एक फार्म पर दो पदों के लिए युवा कर सकेंगे आवेदन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। देश की सेवा करने का जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। अग्निवीर बनने के लिए वह 10 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए सेना भर्ती कार्यालय ने तिथि आगे बढ़ा दी है। सभी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों की जून में परीक्षा कराई जाएगी।

भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती 2026-27 की प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। इसकी पूरी जानकारी सेना की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यार्थियों की मांग को देखते हुए सरकार ने इस बार अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 22 साल कर दी है। भर्ती के लिए अब 17.5 वर्ष से 22 वर्ष की आयु वाले युवा आवेदन कर सकेंगे। जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क स्टोर कीपर, ट्रेड्समैन और अग्निवीर वूमन मिलिट्री पुलिस के पदों लिए भी अधिसूचना जारी कर दी गई है। 

नर्सिंग सहायक (एनए-एनए वेट) के लिए अधिकतम आयु 23 वर्ष और सिपाही फार्मा के लिए 25 वर्ष तक निर्धारित की गई है। सभी वर्गो के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये तय किया गया है। अभ्यार्थियों को एक फार्म में दो-दो पदों के लिए आवेदन का मौका मिलेगा,यानी इस बार दो पदों के लिए अभ्यर्थी एक साथ अप्लाई कर सकेंगे। सेना भर्ती कार्यालय के तहत आने वाले 12 जिलों बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फरुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर के उम्मीदवार 10 अप्रैल से पहले भारतीय सेना की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

संबंधित समाचार