Moradabad: कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू होने से राहत
मुरादाबाद, अमृत विचार। कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू होने से रेस्टारेंट, होटल और ढाबा संचालकों की टेंशन कम हो गई है। पिछले महीने आपूर्ति बाधित होने से कई जगह वैकल्पिक प्रबंध किए गए थे, जिससे खाने की थाली पर महंगाई की मार पड़नी शुरू हो गई थी। अब पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति शुरू कराने के बाद उनकी मुश्किल थोड़ी कम हो गई है। वहीं, अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच तात्कालिक युद्ध विराम और होर्मुज खुलने से धीरे-धीरे आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद जग गई है।
अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच युद्ध का असर कुछ दिनों में ही दिखने लगा था। जिसका सबसे पहले असर पेट्रोलियम पदार्थों पर पड़ा। रसोई गैस सिलेंडर बुकिंग का सरकार ने नियम बदलकर शहर में 25 और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन कर दिया। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगीं। सिलेंडर पाने के लिए मारामारी शुरू हो गई। होटलों और रेस्टोरेंटों को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित कर दी गई, जिससे इनके संचालकों के चेहरे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गईं। औद्योगिक इकाइयों में भी काम पर असर पड़ा, जिससे निर्यातकों की नींद उड़ गई। अब कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति में ढील के बाद होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की टेंशन कम हो गई। शहर के होटल संचालकों का कहना है कि इससे तात्कालिक तौर पर राहत मिलनी तय है।
जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि अब कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति शुरू कराई जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडर का कोई संकट नहीं है। एजेंसियों पर बैकलॉग भी नहीं है। तात्कालिक वैश्विक परिस्थितियों से राहत मिलेगी। फिर भी गैस सिलेंडर व अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कृत्रिम किल्लत उत्पन्न करने वालों पर सख्ती की जाएगी।
