बाराबंकी : वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ऐंठे 14 लाख, शिक्षिका व उसके साथी पर लगा आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बनीकोडर/बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र स्थित एक महाविद्यालय के प्रबंधक ने कालेज की ही शिक्षिका व उसके साथी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप यह कि फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 14 लाख रुपये वसूले जा चुके और रकम की मांग की जा रही है। मामला असंद्रा थाना क्षेत्र का है।

कस्बा स्थित रामखेलावन महाविद्यालय के प्रबंधक ग्राम शेषपुर दामोदर निवासी आलोक पांडेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके कालेज में ही पढ़ाने वाली महिला शिक्षिका ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर उसे प्रेमजाल में उलझाने का प्रयास किया और झूठे मुकदमे में फंसाने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करीब 14 लाख 39 हजार 200 रुपये वसूल लिए। 

तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने हाल ही में फिर 2 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से डर के कारण पीड़ित ने 10 हजार रुपये नकद दे दिए। इसके बावजूद बाकी रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पीड़ित द्वारा शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दहेज न मिला तो फोन पर कहा तीन तलाक

मसौली : दहेज में बाइक व एक लाख रुपये को लेकर प्रताड़ित की जा रही विवाहिता को घर से निकाल दिया गया। पति ने मायके में फोन कर विवाहिता को तीन तलाक बोल दिया। आहत विवाहिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कस्बा बड़ागांव की रहने वाली फरहीन बानो के अनुसार उसकी शादी 13 अप्रैल 2025 को जैदपुर थाना क्षेत्र के वसीनगर निवासी चांद बाबू के साथ हुई थी। शादी में दिए गए दान-दहेज से ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। 

आरोप है कि पति चांद बाबू, ससुर वकील, सास कमर जहां, जेठ सलमान और ननद सना व आसना आए दिन दहेज में मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। 6 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे ससुरालजनों ने उसे बुरी तरह मारापीटा और गाली-गलौज करते हुए घर से निकाल दिया। 

इतना ही नहीं, धमकी दी गई कि जब तक दहेज की मांग पूरी नहीं होगी, उसे घर में नहीं रखा जाएगा और वापस आने पर जान से मार दिया जाएगा। पीड़िता के अनुसार 23 मार्च को उसके पति ने फोन पर तीन बार ‘तलाक’ बोलकर उसे तलाक दे दिया। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है और लगातार ससुराल पक्ष से न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

संबंधित समाचार