लखनऊ : पीएनजी कनेक्शन है तो सरेंडर करना पड़ सकता है गैस कनेक्शन

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : ईरान-इजराइल युद्ध के कारण देश में एलपीजी गैस सिलेंडर के संकट से सबक लेकर समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन अन्य विकल्प तलाश रहा है। राजधानी के जिन क्षेत्रों में लोगों के पास पीएनजी कनेक्शन है, उन्हें गैस सिलेंडर का कनेक्शन सरेंडर करना पड़ सकता है। इसके लिए माई एलपीजी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसमें अपना कनेक्शन संख्या, उपभोक्ता का नाम, कंपनी और गैस एजेंसी का नाम आदि विवरण भरना पड़ेगा। कंपनी के प्रतिनिधि खुद सम्पर्क करके कनेक्शन सरेंडर कराने में सहयोग करेंगे।

पीएनजी कनेक्शन के लिए करें कस्टमर केयर नंबर पर फोन
राजधानी के जिन क्षेत्रों में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) लाइन की सुविधा है, वहां लोग कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ग्रीन गैस लिमिटेड के कस्टमर केयर नंबर 6390905003 पर सम्पर्क किया जा सकता है। नए कनेक्शन के लिए गोमती नगर, इन्दिरा नगर, अलीगंज, महानगर, विकास नगर, जानकीपुरम, जानकीपुरम विस्तार, वृंदावन योजना आदि क्षेत्रों के निवासी कंपनी के क्षेत्रीय कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।

ईरान-इजराइल युद्ध के कारण एलपीजी गैस सिलेंडर की लोगों को किल्लत का सामना करना पड़ा था। असुविधा से बचने के लिए लोग अधिक से अधिक संख्या में पीएनजी कनेक्शन लें, जिससे एलपीजी गैस सिलेंडर पर निर्भरता कम की जा सके। जिन लोगों के पास पीएनजी कनेक्शन हैं, वे स्वेच्छा से अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं।
ज्योति गौतम, एडीएम आपूर्ति

संबंधित समाचार