कानपुर : मनरेगा कार्यो में वित्तीय अनियमितिता पर चार संविदाकर्मी बर्खास्त, जांच के बाद हुई कार्रवाई, जानें पूरा मामला
कानपुर। कानपुर जिले के बिल्हौर विकास खंड की ग्राम पंचायत सेबसू में मनरेगा कार्यों में वित्तीय अनियमितता सामने आने पर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चार संविदाकर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने यह कार्रवाई जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की है।
मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय समिति ने वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच कराए गए कार्यों और भुगतान अभिलेखों की जांच की, जिसमें करीब 20.58 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता पाई गई। जांच में यह सामने आया कि कई कार्यों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और अभिलेखों का समुचित परीक्षण किए बिना भुगतान कर दिया गया।
दोषी पाए जाने पर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी प्रीति अग्निहोत्री और दीप सिंह, तकनीकी सहायक इंद्र कुमार तथा प्रमोद कुमार को बर्खास्त कर दिया गया है। समिति ने पाया कि इन कर्मियों के कार्यकाल में गंभीर अनियमितताएं हुईं और उनके स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके अलावा अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शिशिर कुमार को कड़ी चेतावनी दी गई है।
अनियमित रूप से व्यय की गई धनराशि की वसूली की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वहीं संबंधित अवधि में कार्यरत लेखाकार तथा खंड विकास अधिकारी/कार्यक्रम अधिकारी को लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
