Barabanki News: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष का हत्या का आरोप
निन्दूरा (बाराबंकी)। बड्डूपुर कोतवाली क्षेत्र के बंम्भन पुरवा मजरे बड़ा गांव में गुरुवार शाम एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रेनू वर्मा पत्नी मोहित वर्मा ने घर के अंदर कमरे में साड़ी/दुपट्टे के सहारे पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय वह घर पर ही थी। परिजनों के मुताबिक रेनू की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी और उसका एक चार वर्षीय बेटा आर्य है। घटना की सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के लोग, जो जनपद सीतापुर के सेमरी चौराहा क्षेत्र के निवासी हैं, मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। आरोपों को लेकर कुछ देर तक तनाव की स्थिति भी बनी रही।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
