Kanpur News : अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, कानपुर में 28 लाख 51 हजार से अधिक मतदाता
कानपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अंतर्गत शुक्रवार को कानपुर जिले में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया जिसके अनुसार कानपुर नगर में 28 लाख 51 हजार 60 मतदाता हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने पांच मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दलों तथा दो राज्य स्तरीय दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रति सौंपी।
अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 28 लाख 51 हजार 60 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 15 लाख 35 हजार 294 पुरुष, 13 लाख 15 हजार 656 महिला तथा 110 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 23 हजार 919 दिव्यांग मतदाता हैं, जिनमें 15 हजार 186 पुरुष, आठ हजार 731 महिला तथा दो थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। आयु वर्ग के आधार पर 18-19 वर्ष के 38 हजार 53, 20-84 वर्ष के 27 लाख 99 हजार 560 तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के 13 हजार 447 मतदाता हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या में बिल्हौर में 3,40,950, बिठूर में 3,44,036, कल्याणपुर में 2,64,636, गोविंद नगर में 2,57,330, सीसामऊ में 2,12,940, आर्य नगर में 2,21,779, किदवई नगर में 2,73,355, कानपुर कैंट में 2,69,396, महाराजपुर में 3,69,379 तथा घाटमपुर में 2,97,259 मतदाता शामिल हैं। अभियान के दौरान 27 अक्टूबर 2025 से 1 अप्रैल 2026 तक कुल 2,38,204 फॉर्म-6, 27,097 फॉर्म-7 तथा 76,636 फॉर्म-8 स्वीकृत किए गए।
