खनन राजस्व में रिकॉर्ड उछाल! मार्च में 780 करोड़ की कमाई, लक्ष्य को पार कर छुई नई ऊंचाई
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश के भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग ने राजस्व संग्रह में मार्च माह में निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक आय प्राप्त की है। विभाग की सचिव एवं निदेशक माला श्रीवास्तव ने बताया कि मार्च के लिए तय 600 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 780 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व अर्जित किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में बड़ी उपलब्धि है।
सचिव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7150 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग ने सख्त रणनीति अपनाई है और सभी जनपदीय व क्षेत्रीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राजस्व संग्रह को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्रोत स्तर पर ही निगरानी बढ़ाई जाए और एलओटी आधारित आरएफआईडी चेकगेट्स के जरिए खनिज परिवहन पर नजर रखी जाए। साथ ही, 40 हजार से अधिक वाहनों में लगाए गए ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से उपखनिज परिवहन की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे अनियमितताओं पर तुरंत कार्रवाई संभव हो रही है।
माला श्रीवास्तव ने बताया कि सैटेलाइट इमेजरी और रिमोट सेंसिंग तकनीक के जरिए नए खनन क्षेत्रों की पहचान और निगरानी की जा रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों को नियमित छापेमारी, सख्त प्रवर्तन और ई-गवर्नेंस के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि तय लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके और प्रदेश के विकास कार्यों को गति मिल सके।
