प्रयागराज इरफान हत्याकांड : सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभियुक्तों की पहचान में जुटी पुलिस, एक युवक को हिरासत में

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के करीबी प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान की हत्या के मामले में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में दो बाइकों पर सवार चार अभियुक्त जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर अभियुक्तों की पहचान में जुटी है। सीसीटीवी में नामजद आरोपी आसिफ दुर्रानी भी नजर आ रहा है। 

पुलिस ने इस हत्याकांड में रेकी करने वाले एक युवक को हिरासत में लिया है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पकड़े गए युवक के अनुसार, घटना से एक दिन पहले नामजद आरोपी उसके घर पहुंचे थे और वहीं बैठकर हत्या की साजिश रची गई थी। उसने रेकी के बदले पैसे लेने से इनकार किया है। 

युवक ने यह भी बताया कि उसकी बहन की शादी आरोपियों के मोहल्ले में हुई है, जिससे उसकी पहले से जान-पहचान थी। पुलिस अब तक वारदात में शामिल अन्य तीन हमलावरों की पहचान नहीं कर सकी है। नामजद आरोपी आसिफ दुर्रानी और राशिद दुर्रानी फिलहाल फरार हैं। 

उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उल्लेखनीय है कि आसिफ दुर्रानी माफिया अतीक अहमद के गैंग आईएस-227 का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। करेली क्षेत्र के ऐनुद्दीनपुर में बुधवार शाम प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

संबंधित समाचार