Bareilly : उर्स में न हो कोई नई परंपरा, व्यवस्थाएं करें दुरुस्त
उर्स ए ताजुश्शरिया को लेकर डीएम, एसएसपी ने कोर कमेटी के साथ की बैठक
बरेली, अमृत विचार। 24 और 25 अप्रैल को होने वाले उर्स ए ताजुश्शरिया को लेकर गुरुवार दोपहर डीएम ने विकास भवन सभागार में एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों और उर्स की कोर कमेटी के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि उर्स के दौरान किसी तरह की कोई नई परंपरा न डाली जाए। अधिकारियों को समय से सभी तैयार पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि अग्निशमन व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, पानी की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। बाहर से आने वाले जायरीन के रुकने की व्यवस्था पहले की तरह रहेगी, किसी तरह की कोई नई परंपरा नहीं की जाए। कोर कमेटी से कहा कि कोई समस्या हो तो कंट्रोल रूम के माध्यम से या अपर जिलाधिकारी नगर को भी जानकारी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि वालंटियरों की पहचान के लिए कार्ड भी दिए जाएं। एसएसपी अनुराग आर्य ने आयोजकों से कहा कि किसी व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है तो बताइये। जिस पर बताया गया कि उर्स के दौरान मोबाइल चोरी की घटनायें काफी होती हैं, इस पर ध्यान रखा जाये। एसपी ने कहा कि साइबर फ्राड बहुत बढ़ गये हैं इसके लिए समय-समय पर एनाउन्समेंट करें और ऐसा होने पर साइबर अपराध हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर कॉल कर तत्काल खाता फ्रीज करायें।
एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने बताया कि उर्स में बाहर से आने वाले जायरीन के लिए ट्रैफिक और पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी। डायवर्जन पूर्व से निश्चित है अगर आवश्यकता होगी तो और मार्गों पर भी रूट डायवर्जन किये जायेंगे। एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि आजमनगर और कोहाड़ापीर से परचम कुशाई रिकार्ड में दर्ज है। ऐसे में अब कोई नई परंपरा न शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे पर्याप्त संख्या में लगवाये जाएं, वालिंटियरों की सूची मोबाइल नंबरों के साथ पुलिस को उपलब्ध करा दी जाये और रास्तों में दुकानें न लगने दी जाएं। अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे ने कहा 25,26,27 अप्रैल को होमगार्ड की परीक्षा भी है। ऐसे में दोनों कार्यक्रम भली प्रकार से सम्पन्न हाें ऐसा समन्वय बनाकर रखा जाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण, उर्स कोर कमेटी के डा. मेहंदी हसन, हाफिज इकराम, मौलाना इंतिजार, शमीम अहमद, अब्दुल्लाह रजा खां, मौलाना निजामुद्दीन, कौसर अली,यासिन ख़ान साहिल अली,शीबुद्दीन रज़वी , मौहम्मद करीम उद्दीन आदि मौजूद रहे।
