समीक्षा अधिकारी परीक्षा पेपर लीक मामले में एक और गिरफ्तार, दो वर्ष से चल रहा था फरार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 के प्रश्नपत्र लीक मामले में यूपी एसटीएफ ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की टीम ने वाराणसी के रोहनिया स्थित अखरी बाईपास से आरोपी को गुरुवार देर शाम को दबोचा। वह दो वर्ष से फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना स्थान बदल रहा था। आरोपी को प्रयागराज में दर्ज मामले में कोर्ट में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कृष्णा पांडेय गाजीपुर के सैदपुर स्थित पिपनार कनेरी गांव का रहने वाला है। एएसपी के मुताबिक, 11 फरवरी 2024 को उप्र. लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामला सामने आने के बाद शासन ने परीक्षा निरस्त कर दी थी और पूरे प्रकरण की जांच एसटीएफ को सौंप दी गई थी। जांच में सामने आया कि एक संगठित गिरोह द्वारा संचालित किया जा रहा था। जो मोटी रकम लेकर परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था।

12-12 लाख रुपये में बेचे थे पेपर

एसटीएफ की पूछताछ में गिरफ्तार कृष्णा पांडेय ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। बताया कि उसने और उसके साले आलोक मिश्रा ने परीक्षा पास करने के लालच में वाराणसी में अमरजीत शर्मा से संपर्क किया था। अमरजीत ने 12-12 लाख रुपये में पेपर आउट कराने के लिए मांगे थे। दोनों ने 3-3 लाख रुपये एडवांस दिए थे। इसके बदले गिरोह ने उनके शैक्षिक प्रमाणपत्र और बैंक के ब्लैंक चेक तक अपने पास रख लिए थे। आरोपी के अनुसार, परीक्षा से दो दिन पहले उसे भोपाल बुलाया गया, जहां एक होटल में कई अन्य अभ्यर्थियों के साथ लीक प्रश्नपत्र और उनके उत्तर रटवाए गए। करीब 3-4 घंटे तक पढ़ाई कराने के बाद प्रश्नपत्र वापस ले लिए गए और सभी को परीक्षा देने भेज दिया गया। बाद में जब परीक्षा हुई तो वही प्रश्न आए, जिससे उन्हें पेपर लीक होने की पुष्टि हो गई। जिसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। इस मामले में गिरोह का मुख्य सदस्य अमरजीत शर्मा समेत कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार किये जा चुके हैं। कृष्णा पांडेय गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज है। एसटीएफ ने आरोपी को प्रयागराज कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया।

संबंधित समाचार