बाराबंकी में रफ्तार का कहर : सड़क हादसों में किशोर समेत पांच की मौत, दो घायल
बाराबंकी, अमृत विचार। 24 घंटों के भीतर हुए अलग-अलग सड़क हादसों में हरियाणा के डीसीएम चालक व किशोर सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार राज वर्मा (23) और आदर्श (17) निवासी ग्राम इमलिहा थाना फतेहपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आदर्श को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर से परिजन बिलख उठे। दरियाबाद थाना के इमलिहा गांव निवासी दिव्यांग करुणाकर गौतम (36) अपने साथी के साथ स्कूटी से बाराबंकी शहर जा रहे थे।
सफदरगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर जलालपुर गांव के पास स्कूटी असंतुलित होने से वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। उनके साथी को मामूली चोटें आईं। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में मिर्दहनपुरवा गांव निवासी सुनीता देवी (50) शुक्रवार को लोहनदेवी मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं। मंदिर के पास ऑटो पलटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सीएचसी में उन्हे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हैदरगढ़ क्षेत्र में अमेठी जिले के इन्हौना थाना अंतर्गत जमुनीपुर गांव निवासी रमाशंकर रावत (39) गुरुवार देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। चौबीसी गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रमाशंकर को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। इसी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के किमी 23.20 पर एक डीसीएम आगे जा रही गाड़ी में जा टकराई, हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को यूपीडा एंबुलेंस ने सीएचसी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
दो घायलों की उपचार के दौरान मौत
देवा : देवा क्षेत्र में करीब 14 दिन पहले सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इब्राहिमपुर कला गांव निवासी आशीष यादव (23) की 28 मार्च को सतरिख मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई थी। उन्हें हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार देर रात उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में भिटरिया मार्ग पर हुए हादसे में घायल 13 वर्षीय नाज बानो की ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पिता मोहम्मद शरीफ की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार दावत से लौट रहा था, तभी गौरा मोड़ पर आगे चल रहे ऑटो के अचानक मुड़ने से उनकी गाड़ी टकरा गई थी।
चालक को थप्पड़ मारने वाला दरोगा लाइन हाजिर
शहर के नाका सतरिख चौराहे पर एक ई रिक्शा चालक को थप्पड़ मारने वाले उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया। बताते चलें कि अरविंद गोस्वामी नामक ई रिक्शा चालक गुरुवार की शाम गांव से राशन लेकर पत्नी व बेटे समेत शहर की ओर आ रहा था। नाका सतरिख चौराहा पहुंचते ही जाम लग गया, जिससे अरविंद भी वाहन समेत उस जाम में फंस गया।
इसी बीच वहां पहुंचे उपनिरीक्षक आरएल यादव ने चालक अरविंद को जबरन बाहर घसीटा और उसे थप्पड़ जड़ दिए, यह देख साथ मौजूद बालक रोने लगा, वहीं पत्नी उतरकर दरोगा से भिड़ गई, उसका यही कहना था कि दरोगा ने उसके पति पर हाथ क्यों उठाया। काफी देर तक बहस के बीच यातायात प्रभारी रामयतन यादव पहुंचे और समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
मामले की शिकायत एसपी तक पहुंची तो पूरा घटनाक्रम समझा गया। बाद में दरोगा आरएल यादव की ही गल्ती सामने आई। जिस पर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया।
