सीएम योगी सात विधानसभा क्षेत्रों को देंगे विकास की सौगात, लखीमपुर खीरी में 1311 करोड़ की 538 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

पलिया और मोहम्मदी में जनसभाएं, थारू जनजाति व विस्थापित परिवारों को मिलेंगे भूमि अधिकार

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखीमपुर खीरी दौरे पर रहेंगे, जहां वह पलिया और मोहम्मदी में जनसभाओं को संबोधित कर 1311 करोड़ रुपये की 538 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का लाभ जिले के सात विधानसभा क्षेत्र लखीमपुर, गोला, श्रीनगर, पलिया, निघासन, मोहम्मदी और धौरहरा को मिलेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत चंदन चौकी (पलिया) से होगी, जहां मुख्यमंत्री थारू जनजाति के परिवारों को भूमि स्वामित्व अधिकार पत्र वितरित करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत लाभार्थियों को आवास की चाबी और विभिन्न योजनाओं के चेक भी सौंपे जाएंगे। इसके बाद मियांपुर (मोहम्मदी) में आयोजित कार्यक्रम में विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र प्रदान किए जाएंगे।

सरकार ने थारू जनजाति के 34 गांवों के 4356 परिवारों को 5338 हेक्टेयर भूमि पर पूर्ण स्वामित्व अधिकार देने का निर्णय लिया है। वहीं, उपनिवेश योजना के तहत 2350 परिवारों को 4251 हेक्टेयर भूमि का आवंटन किया गया है।

पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित 331 हिंदू परिवारों का भी पुनर्वास कर उन्हें कृषि योग्य भूमि उपलब्ध कराई गई है। सरकार द्वारा इन परिवारों को भूमि के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला, आवास और पेंशन योजनाओं सहित अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं।