इकाना में भिड़ंत से पहले गुजरात ने परखी अपनी तैयारियां, लखनऊ सुपरजायंट्स भी पहुंची, आज करेगी अभ्यास

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच 12 अप्रैल को होने वाले मुकाबले से पहले अटल बिहारी वाजपेई इकाना स्टेडियम में तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर पसीना बहाया और अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।

वायरल तस्वीर (6)

शाम छह से आठ बजे तक चले अभ्यास सत्र में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों पर विशेष ध्यान दिया। टीम प्रबंधन इस सत्र को काफी अहम मान रहा है, क्योंकि मौजूदा सीजन में गुजरात का प्रदर्शन अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 

दिल्ली के खिलाफ एक रन से मिली रोमांचक जीत के अलावा टीम को पंजाब और राजस्थान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है, ऐसे में यह मुकाबला उसके लिए वापसी का मौका भी माना जा रहा है।

दूसरी ओर, कोलकाता के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद उत्साह से भरी लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम भी शहर पहुंच चुकी है। टीम शनिवार दोपहर इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र के दौरान अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देगी।

लखनऊ की टीम जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि गुजरात टाइटंस पिछली हारों की भरपाई कर जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेगी। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

निजी व छोटी टैक्सी को शहीदपथ पर रहेगी आने-जाने की अनुमति

अटल विहारी बाजपेयी इकाना स्टेडियम में मंगलवार को आईपीएल का लखनऊ सुपर जाइंट्स व गुजरात टाइटंस के बीच मैच खेला जाना है। इसे देखते हुए इकाना स्टेडियम व आसपास के इलाके में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यह जानकारी डीसीपी यातायात रवीना त्यागी ने दी। मैच के दौरान शहीद पथ पर सिर्फ निजी वाहन और छोटी टैक्सी को आने-जाने की अनुमति दी गई है। अन्य वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किये गये हैं।

रोडवेज बसें/निजी बसें व्यवसायिक वाहन:

- शहीद पथ पर मैच के दौरान रोडवेज व अन्य सभी बसें व व्यवसायिक वाहन (छोटे बड़े) प्रतिबन्धित रहेगी । अन्य वैकल्पिक मार्ग खुले होंगे, जिनका प्रयोग कर सकेंगे । निजी वाहनो एवं किराये की टैक्सी/कार आदि पर रोक नहीं होगी।

- सुल्तानपुर रोड पर उपरोक्त वाहन अमूल तिराहा से डायवर्ट होंगे एवं अर्जुनगंज कैण्ट की तरफ से आ रहे वाहन कटाई पुल से।

- रोजवेज की तरफ से निर्गत डायवर्जन प्लान प्राईवेट बसें भी सख्ती से पालन करेंगे।

सिटी बसें:

- मैच के दौरान सिटी बसें चलेंगी, जो शहीद पथ पर हुसड़िया एवं सुशान्त गोल्फ सिटी के मध्य नही रूकेंगी एवं सड़क की दाईं ओर चलेंगी।

आटो/ई-रिक्शाः

- ई-रिक्शा शहीद पथ पर प्रतिबन्धित है। ई-रिक्शा सर्विस रोड पर भी मैच के दिन प्रतिबन्धित रहेगा।

- इसी प्रकार आटो भी शहीद पथ पर प्रतिबन्धित रहेंगे।

- अर्जुनगंज की तरफ से आने वाली ई-रिक्शा/ऑटों अहिमामऊ से बायें मुड़कर पीएचक्यू, यूपी-112 , मातृत्व अस्पताल के पीछे वाली सड़क पर सवारी उतारेंगे एवं पीएचक्यू के सामने से होते हुये जी-20 तिराहें से गोमतीनगर की तरफ जायेंगे।

- इसी प्रकार सुल्तानपुर रोड़ से आने वाले आटो/ई-रिक्शा बायें मुड़कर लूलू मॉल की तरफ जाकर सवारी उतारेंगे।

- किसी भी दशा में अहिमामऊ से 500 मी0 की परिधि में सवारी न उतारेंगे न बैठायेंगे।

ओला/ऊबर व अन्य किरायें के वाहनः

- सिटी बस की तरह हुसड़िया से सुशान्त गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर सवारी न बैठायेंगे और न ही सवारी उतारेंगे।

- एयरपोर्ट की तरफ से आने वाले वाहन अहिमामऊ से पहले सवारी उतारेंगे।

- अर्जुनगंज की तरफ से आने वाली वाहन अहिमामऊ से बायें मुड़कर पीएचक्यू , यूपी-112, मातृत्व अस्पताल के पीछे वाली सड़क पर सवारी उतारेंगे एवं पीएचक्यू के सामने से होते हुए जी-20 तिराहे से गोमतीनगर के तरफ जायेंगे।

निजी वाहन की पार्किंग

- जिन वाहन स्वामियों के पास वाहन पास होगा वह अहिमामऊ से एचसीएल की तरफ जाकर वाटर टैंक तिराहा से प्लासियों होते हुए चिन्हित पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे।

- जिन वाहन स्वामियों के पास वाहन पास उपलब्ध नही है वह भी अहिमामऊ से एचसीएल होकर जायेंगे । उनमें से पहले आने वाले वाहन स्वामियों को प्लासियों मॉल में पार्किंग दिया जायेगा । प्लासियों मॉल की पार्किंग भर जाने के पश्चात वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच पार्किंग होगी।

दो पहिया वाहनः

- समस्त दो पहिया वाहन अहिमामऊ से एचसीएल तिराहा होते हुये प्लासियों माल के पीछे वाहन पार्क करेंगें।

पार्किंग के इंतजाम

- वीवीआईपी/वीआईपी के साथ आने वाले स्कोर्ट स्टेडियम से वापस होकर मॉल अथवा पीएचक्यू के पीछे वाली सड़कों पर वाहन पार्क करेंगे । स्टेडियम के पास किसी भी दशा मंठ वाहन पार्क न किया जाय।

- वाहनों का प्लासियों मॉल के सामने या स्टेडियम के सामने ईधर-ऊधर अवैध पार्किंग करने पर टोईंग एवं क्लैम्प लगाने की कार्यवाही की जायेगी।

- टिकट पर क्यूआर कोड दर्ज होगा जिसको स्कैन करने पर पार्किंग स्थलों का विवरण मैप सहित प्रदर्शित होगा।

- सुरक्षाकर्मी जो विशिष्ट अथवा अतिविशिष्ट दर्शकों के साथ आयेंगे , उन्हें अन्दर जाने की अनुमति नही होगी। पार्किंग क्षेत्र स्थापित रहेंगें। मात्र टिकट धारक ही विभिन्न प्रकार के स्टैण्ड में प्रवेश करेंगे।

- मैच प्रारम्भ होने के 3 घण्टे पूर्व प्रवेश दिया जायेगा । अंतिम प्रवेश दूसरी पारी के मध्य तक दिया जायेगा, फिर प्रवेश अनुमन्य़ नहीं होगा। स्टेडियम में दुबारा प्रवेश अनुमन्य नहीं है अर्थात मैच छोड़कर बाहर निकल जाने पर दोबार स्टेडियम में प्रवेश नही मिलेगा।

- पीएचक्यू, यूपी-112 मुख्यालय के पीछे की सड़क की तरफ अस्थाई पिक एण्ड ड्राप स्टैण्ड होगा, जहाँ निजी वाहन, ऑटो रिक्शा सवारी उतार सकेंगे, बैठा सकेंगे ।

- कोई भी व्यक्ति बिना ड्यूटी कार्ड या टिकट के स्टेडियम के अन्दर प्रवेश नही करेगा, पकड़े जाने पर सख्त कार्यवाही की जायेगी एवं अनाधिकृत प्रवेश दण्डनीय अपराध होगा।

- सिक्का, ईयरफोन, ज्वलनशील पदार्थ आदि आईसीसी/वीसीसीआई के निर्देशानुसार पूर्णतः प्रतिबन्धित है।

- स्टेडियम के आस पास रहने वाले लोगों से अपील है कि मैच देखने के लिये स्टेडियम की तरफ जायें अन्यथा अन्य वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें । दर्शकों से अपील है कि 19:30 बजे से प्रारम्भ हो रहे मैच के लिये 18:00 बजे से 20:00 बजे तक का पीक आवर से बचते हुये उसके पूर्व अथवा बाद में आने का प्रयास करें ।

 

ये भी पढ़ें : 
IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे, हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हसारंगा 

 

 

संबंधित समाचार