प्राइवेट स्कूल के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन: फीस रेगुलेशन कानून की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः प्राइवेट स्कूलों में हर साल बढ़ाई जा रही फीस के विरोध में शुक्रवार को छात्रों ने प्रदर्शन किया। गांधी प्रतिमा हजरतगंज के पास राष्ट्रीय छात्र पंचायत के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि निजी स्कूल अभिभावकों की मजबूरी का फायदा उठाकर फीस, किताबों और ड्रेस के नाम पर मनमानी वसूली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल लखनऊ में रोक लगाने से समस्या हल नहीं होगी, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक समान कानून लागू किया जाना चाहिए।

उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो अगले महीने आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। संगठन की प्रमुख मांगों में फीस रेगुलेशन बिल लागू करना, महंगी किताबों के सिंडिकेट पर रोक लगाना और स्कूलों द्वारा लिए जाने वाले अतिरिक्त शुल्क खत्म करना शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में समानता लाने और सरकारी स्कूलों को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

ये भी पढ़ें : 
Junior Hockey Tournament : केडी सिंह बाबू एकादश बना विजेता, फाइनल मुकाबले में रहमान XI को  किया पराजित

 

 

संबंधित समाचार