Junior Hockey Tournament : केडी सिंह बाबू एकादश बना विजेता, फाइनल मुकाबले में रहमान XI को किया पराजित
लखनऊ, अमृत विचार: केडी सिंह बाबू एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय फजल उर रहमान मेमोरियल सब जूनियर हॉकी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को चंद्रभान गुप्त खेल मैदान (नेशनल कॉलेज ग्राउंड) पर खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम ने रहमान एकादश को पेनाल्टी शूटआउट में 3-0 से पराजित किया।
निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा, जिसके बाद विजेता का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने के कई प्रयास किए।
मुकाबले के 28वें मिनट में रहमान एकादश के आदर्श ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद केडी सिंह बाबू एकादश ने लगातार दबाव बनाए रखा और बराबरी की कोशिश में जुटी रही।
मैच के 58वें मिनट में मान ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद निर्धारित समय तक दोनों टीमें बढ़त हासिल नहीं कर सकीं और मुकाबला पेनाल्टी शूटआउट तक पहुंच गया।
शूटआउट में केडी सिंह बाबू एकादश के खिलाड़ियों ने सटीक निशाने लगाते हुए 3-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जैदपुर (बाराबंकी) के विधायक गौरव रावत ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। इस अवसर पर सैयद अली, सुजीत कुमार, इमरानुल हक, संजय तिवारी, खुर्शीद अहमद, मनोज कुमार, संतोष कुमार, गुरतोष पांडेय, शिराज आलम और हारून अख्तर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
