प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत! अब किस्तों में भर सकेंगे बकाया बिल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलने वाली है। अब उन्हें भी पोस्टपेड मीटर उपभोक्ताओं की तरह बकाया बिजली बिल किस्तों में जमा करने की सुविधा मिल सकती है। इस प्रस्ताव पर नियामक आयोग स्तर पर गंभीर मंथन चल रहा है और जल्द ही इस पर फैसला लिया जा सकता है।

प्रदेश में वर्तमान में 56 लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ता हैं, जिनमें बड़ी संख्या बकायेदारों की है। यदि आयोग यह सुविधा लागू करता है तो लाखों उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिल सकेगी। अभी तक पोस्टपेड मीटर उपभोक्ताओं को यह सुविधा मिल रही है कि वे कुल बकाया का 40 प्रतिशत जमा कर शेष राशि किस्तों में अदा कर सकते हैं। वहीं प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए ऐसा कोई विकल्प नहीं है। मौजूदा व्यवस्था के तहत यदि प्रीपेड उपभोक्ता का कनेक्शन बकाया के कारण कट जाता है तो उसे पहले 50 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा करनी पड़ती है, जिससे कनेक्शन केवल तीन दिन के लिए बहाल होता है। इसके बाद शेष 50 प्रतिशत राशि भी तीन दिन के भीतर जमा करनी होती है। इस प्रक्रिया से बड़े बकायेदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस मुद्दे को राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा उठाए जाने के बाद मामला तेजी से आगे बढ़ा है। सूत्रों के अनुसार, आयोग जल्द ही आदेश जारी कर सकता है, जिसमें प्रीपेड उपभोक्ताओं को भी 40 प्रतिशत भुगतान के बाद शेष राशि तीन किस्तों में जमा करने की सुविधा दी जा सकती है।

स्मार्ट मीटरों पर जल्द आएगा विस्तृत आदेश

स्मार्ट मीटर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर नियामक आयोग जल्द ही विस्तृत आदेश जारी कर सकता है। पश्चिमांचल, दक्षिणांचल, पूर्वांचल, मध्यांचल और एनपीसीएल के टैरिफ प्रस्तावों पर जनसुनवाई पूरी हो चुकी है। इन सुनवाईयों में स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। अब ये सभी मुद्दे विचाराधीन हैं और संभावना है कि टैरिफ आदेश के साथ इन पर अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

स्मार्ट मीटरों से जुड़ी प्रमुख समस्याएं

रीडिंग का चेक मीटर से मिलान नहीं किया जा रहा

आरोप, स्मार्ट मीटर पुराने मीटरों की तुलना में तेज चल रहे

रिचार्ज के बावजूद कनेक्शन समय पर बहाल नहीं हो रहा

रिचार्ज के बाद भी खाते में बैलेंस अपडेट नहीं दिखता

बकायेदारों को किस्तों में भुगतान की सुविधा मौजूद नहीं

संबंधित समाचार