भीड़ बढ़ी तो काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन अलर्ट, सुगम दर्शन के लिए किए गए विशेष इंतजाम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

वाराणसीः आध्यात्मिक नगरी काशी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु निरंतर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुगम और सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। मंदिर प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। दर्शन के लिये कतार प्रबंधन को अधिक सुव्यवस्थित किया गया है तथा दर्शन प्रक्रिया में गति लाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों और सेवादारों की तैनाती की गई है। भीड़ के सुचारु आवागमन के लिए प्रवेश और निकास मार्गों का स्पष्ट निर्धारण किया गया है।

इसके अतिरिक्त, प्रतीक्षा समय को कम करने के लिए कतार व्यवस्था की निरंतर समीक्षा की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ भीषण गर्मी और भीड़ को देखते हुए पेयजल, छाया और स्वच्छता के समुचित प्रबंध किए गए हैं। मंदिर प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि श्रद्धालु सहजता और शीघ्रता के साथ बाबा विश्वेश्वर के दर्शन कर सकें। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है ताकि दर्शन की पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित होती रहे।

संबंधित समाचार