एसआईआर: विधानसभा चुनाव में बदलेगा राजनीतिक समीकरण, मतदाता घटने से चकराए सियासी सूरमा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

विनोद श्रीवास्तव, मुरादाबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक समीकरण बदलना तय है। मतदाताओं की कम हुई संख्या का असर कई राजनीतिक दिग्गजों के भाग्य का फैसला बदलेगा। एसआईआर की प्रक्रिया में 2,48,116 मतदाताओं की संख्या घटने का असर जातिगत व धार्मिक समीकरणों पर भी पड़ना तय है। नये समीकरणों को देखते हुए कई सियासी सूरमा चकरा गए हैं।

जिले में शुक्रवार को जारी अंतिम मतदाता सूची में जो तस्वीर उभर कर आई है। इसके अनुसार मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 4,71,327 मतदाता हैं, जबकि बिलारी में सबसे कम 3,33,882 मतदाता हैं। इस प्रकार मुरादाबाद नगर विधानसभा चुनाव जीतने के लिए संभावित दावेदारों को सबसे अधिक मतदाताओं की मनुहार करनी पड़ेगी।

एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक सरगर्मी अब काफी तेजी से बढ़ेगी। संभावित दावेदारों के चेहरे सामने आएंगे, लेकिन अगर सभी विधानसभाओं पर नजर डालें तो चुनाव जीतने के लिए मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र में संभावित प्रत्याशियों को मतदाताओं की मनुहार के लिए एड़ी रगड़नी पड़ेगी। क्योंकि मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक मतदाताओं की संख्या हैं। इसमें पुरुष मतदाता 2,49,377 और महिला मतदाताओं की संख्या 2,21,916 और थर्ड जेंडर मतदाता भी सभी विधानसभाओं से अधिक नगर विधानसभा क्षेत्र में ही 34 है।

बिलारी विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम मतदाताओं की संख्या 3,33,882 है। इसमें 1,81,299 पुरुष, 1,52,574 महिला और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या सिर्फ 9 है। मुरादाबाद नगर के बाद दूसरे नंबर पर सबसे अधिक मतदाता संख्या वाली विधानसभा कुंदरकी है। इसमें कुल मतदाताओं की संख्या 3,69,186 है। जिसमें पुरुष मतदाता 2,01,772, महिला मतदाता 1,67,403 और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 11 है।

लिंगानुपात पर भी असर
मतदाताओं के लिंगानुपात की बात करें तो नगर विधानसभा में सर्वाधिक जेंडर रेशियो 890 है, जबकि सबसे कम कुंदरकी में 830 है। इसके अलावा कांठ में 847, ठाकुरद्वारा में 859, मुरादाबाद ग्रामीण में 862 और बिलारी में 842 है। इस प्रकार जिले की सभी विधानसभाओं को मिलाकर कुल जेंडर रेशियो 856 है।

जिले की विधानसभा सीटों पर मौजूदा विधायक
विधानसभा पार्टी विधायक
मुरादाबाद नगर भाजपा रितेश गुप्ता
मुरादाबाद ग्रामीण सपा नासिर कुरैशी
कुंदरकी भाजपा रामवीर सिंह (उपचुनाव में जीते)
बिलारी सपा मोहम्मद फहीम इरफान
ठाकुरद्वारा सपा नवाब जान खां
कांठ सपा कमाल अख्तर

संबंधित समाचार