पार्श्व गायिका आशा भोंसले का निधन : 92 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, कल शिवाजी पार्क में किया जाएगा अंतिम संस्कार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुंबई: दिग्गज गायिका और संगीत जगत की महान हस्ती आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। उनका इलाज करने वाले चिकित्सकों की टीम में शामिल डॉ. प्रतीत समदानी ने कहा, ''कुछ मिनट पहले उनका निधन हो गया। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।''

सोमवार को शिवाजी पार्क में किया जाएगा अंतिम संस्कार 

महान गायिका आशा भोसले के निधन की जानकारी देते चहुए उनके बेटे आनंद भोसले ने संवाददाताओं से कहा, ''मेरी मां का आज निधन हो गया। लोग सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे लोअर परेल स्थित कासा ग्रांडे में उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे, जहां वह रहती थीं। उनका अंतिम संस्कार सोमवार शाम चार बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।'' 

आशा भोसले की पोती जनाई भोसले के अनुसार, गायिका को शनिवार शाम सीने में संक्रमण और कमजोरी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों के अनुसार, दिग्गज गायिका को दिल का दौरा पड़ा था और उन्हें फेफड़ों की समस्या भी थी। आशा भोसले का जन्म आठ सितंबर 1935 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में हुआ था। बड़ी बहन लता मंगेशकर की तरह उन्हें भी उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर ने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा दी थी। उनकी बहन मीना और भाई हृदयनाथ मंगेशकर भी संगीत से जुड़े हैं।  

उन्होंने रोमांटिक गीतों से लेकर गजलों तक कई यादगार नगमे गाए। साथ ही कई ऐसे गीत भी गाए जिन्होंने लोगों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। उनके लोकप्रिय गीतों में 'अभी न जाओ छोड़ कर', 'इन आंखों की मस्ती', 'दिल चीज क्या है', 'पिया तू अब तो आजा', 'दुनिया में लोगों को' और 'जरा सा झूम लूं मैं' जैसे गाने शामिल हैं।

भोसले ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए और पद्मिनी एवं वैजयंतीमाला जैसी दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों से लेकर मीना कुमारी, मधुबाला, जीनत अमान, काजोल और उर्मिला मातोंडकर सहित कई प्रमुख अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी। उन्होंने 2023 में अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में दुबई में आयोजित एक विशेष संगीत कार्यक्रम 'आशा90: लाइव इन कॉन्सर्ट' में प्रस्तुति दी थी। भोसले, दिग्गज गायिका दिवंगत लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं।

संबंधित समाचार