Karnataka Politics : CM सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री छोड़ने का किया ऐलान, सहयोगियों संग की बैठक, DK शिवकुमार ने छुए पैर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बंगलूरू। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बृहस्पतिवार को अपने आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में मंत्रिमंडल के सहयोगियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार डी. के. शिवकुमार तथा अन्य मंत्री इस बैठक में मौजूद थे। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक तस्वीर में सिद्धरमैया, शिवकुमार को गले लगाते नजर आ रहे हैं।

वहीं दूसरी तस्वीर में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार शिवकुमार, सिद्धारमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के सूत्रों के अनुसार, पार्टी आलाकमान द्वारा राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय मांगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर बृहस्पतिवार को बयान देंगे।

हालांकि, लोक भवन सूत्रों ने कहा कि सिद्धारमैया ने अब तक राज्यपाल से मिलने के लिए समय नहीं मांगा है। सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल निजी कारणों से अपने गृह नगर इंदौर गए हुए हैं। दक्षिणी राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी हलचल तेज होने के बीच कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने बुधवार को स्पष्ट किया कि पार्टी ने राज्य में विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई है और अब तक कोई अन्य फैसला भी नहीं लिया गया है।

उन्होंने मीडिया से इस मुद्दे पर अटकलें नहीं लगाने का अनुरोध किया। विधायक दल अपने नेता का चुनाव करता है जो स्वाभाविक रूप से मुख्यमंत्री पद का दावेदार होता है। बुधवार को यहां पहुंचे सुरजेवाला ने सिद्धरमैया और अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने सिद्धरमैया से कथित तौर पर नेतृत्व परिवर्तन के लिए रास्ता बनाने को कहा और उन्हें राज्यसभा सीट के साथ पार्टी में केंद्रीय भूमिका की पेशकश की।

सूत्रों का यह भी कहना है कि चूंकि यह संदेश सीधे राहुल गांधी की ओर से आया है, इसलिए संभवत: सिद्धरमैया पद छोड़ने के लिए तैयार हो गए हैं। मुख्यमंत्री पहले भी कई बार कह चुके हैं कि अगर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा तो वह पद छोड़ देंगे। सिद्धरमैया और शिवकुमार को मंगलवार को पार्टी ने दिल्ली बुलाया था, जहां कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के महासचिव के. सी. वेणुगोपाल तथा रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ लगातार बैठकें हुईं। 

संबंधित समाचार