UP: झगड़े में खोया आपा...पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा पति, लोहे की रॉड से पीटकर मार डाला

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के सिंघोली कल्लू गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की लोहे की पाइप से बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति ने खुद कमरे में ताला बंद किया और सीधे थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया।

जानकारी के अनुसार, सिंघोली कल्लू गांव निवासी दुर्गेश कुमार की शादी करीब एक वर्ष पहले बदायूं जनपद के जरीफनगर थाना क्षेत्र के विजयगढ़ी गांव निवासी केवल सिंह की बेटी ज्योति के साथ हुई थी। रविवार को अचानक किसी बात को लेकर दुर्गेश का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी ज्योति को कमरे में बंद कर लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दुर्गेश ने कमरे का ताला बंद किया और रजपुरा थाने पहुंच गया।

वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को उसने खुद बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और कमरे की चाबी सौंप दी। आरोपी की बात सुनकर पुलिस भी स्तब्ध रह गई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर उसके घर पहुंचकर कमरे का ताला खुलवाया, जहां ज्योति का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

संबंधित समाचार