Uttrakhand: जल पुलिस ने 10 वर्षीय बच्चे को शारदा नदी में डूबने से बचाया
टनकपुर, अमृत विचार। शारदा घाट पर जल पुलिस की तैनाती श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगातार मददगार साबित हो रही है। जल पुलिस के जवानों और स्थानीय तैराकों ने अब तक स्नान के दौरान नदी की तेज धारा में बहने वाले 15 से अधिक श्रद्धालुओं की जान बचाई है।
रविवार सुबह जल पुलिस के गोताखोरों ने उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी 10 वर्षीय बच्चे को डूबने से बचाकर सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार अवधेश पाल (10) पुत्र अमर सिंह पाल, निवासी ग्राम लस्करपुर, तहसील बिल्सी, जनपद बदायूं अपने परिजनों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आया था।
स्नान के दौरान वह शारदा नदी की तेज धारा में बहने लगा। बच्चे को बहता देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद जल पुलिस कर्मियों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू टीम में हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल भुवन मेहरा, कांस्टेबल सतीश सिंह, कांस्टेबल विशाल कबडवाल, गोताखोर रविंद्र कुमार तथा पीआरडी जवान सूरज और योगेश कुमार शामिल रहे।
