Prayagraj News: सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए पौधे सूखने लगे, पीडीए की लापरवाही पर उठे सवाल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेले के दौरान शहर के सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए लाखों रुपये की लागत वाले पौधे अब उपेक्षा का शिकार होते नजर आ रहे हैं। मुख्य चौराहों और प्रमुख स्थलों पर लगाए गए पौधे पानी के अभाव में सूख रहे हैं, जिससे सौंदर्यीकरण पर खर्च की गई राशि पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार मेला अवधि में शहर के प्रमुख चौराहों, विशेषकर मजार चौराहा सहित कई स्थानों को भव्य रूप देने के लिए बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया था। उस समय इन पौधों की नियमित देखभाल और सिंचाई की जा रही थी, जिससे शहर की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई थी। अब हालात यह हैं कि कई स्थानों पर पौधे सूख चुके हैं और जो पौधे बड़े हो गए थे, वे भी पानी के अभाव में मुरझाने लगे हैं।

नागरिकों का कहना है कि शुरुआती दिनों के बाद पौधों की देखरेख लगभग बंद कर दी गई, जिसके चलते हरियाली खत्म होती जा रही है। लोगों ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते उचित देखभाल नहीं की गई तो शहर का सौंदर्यीकरण प्रभावित होगा और लाखों रुपये का निवेश व्यर्थ चला जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पौधों की नियमित सिंचाई, रखरखाव और संरक्षण की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि शहर की हरियाली और सुंदरता बरकरार रह सके।

संबंधित समाचार