Gonda Crime News : मोबाइल छीनने के विवाद में पिता की पीट-पीटकर निर्मम हत्या, पुत्र गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रुपईडीह (गोंडा)। मोबाइल छीनने को लेकर हुए विवाद में शनिवार दोपहर बाद दबंगों ने पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों और नल उखाड़कर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार चल रहा है। 

बताया जाता है कि कौड़ियां थाना क्षेत्र के तेलियाकोट आमाडीह गांव निवासी चंदन यादव शनिवार को घुचुआपुर बाजार गया था। वहां से लौटते समय कुछ लोगों ने उसका मोबाइल छीन लिया। विरोध करने और मोबाइल वापस मांगने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

जान बचाकर भागते हुए चंदन गांव के पास पहुंचा, जहां उसके पिता कन्हैया लाल यादव (70) भैंस चरा रहे थे। आरोप है कि दबंग वहां भी पहुंच गए और पिता-पुत्र पर बांस, लाठी-डंडों तथा नल उखाड़कर हमला कर दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चंदन ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह व निरीक्षक अपराध राधेश्याम यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशेश्वरगंज भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने कन्हैया लाल यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि चंदन का उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार