यूपी के जिलों में मिनी बस सेवाएं शुरू, रूट, दूरी के अनुसार समय सारणी और किराया निर्धारित

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः अगले माह से तहसील और ब्लॉक स्तर तक मिनी बस सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इस नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी। शुरुआती चरण में लखनऊ से मलिहाबाद, मोहनलालगंज, सरोजनीनगर और बख्शी का तालाब तक मिनी बसों के संचालन के लिए रूट तय करने के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। इस सर्वे में रूट, दूरी के अनुसार समय सारणी और किराया निर्धारित किया जाएगा।

क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि मोहनलालगंज के लिए 3 और बीकेटी के लिए 2 रूट का सर्वे किया जा रहा है। जिला मुख्यालय से प्रत्येक तहसील तक मिनी बसें रोजाना तीन फेरे लगाएंगी। यात्रियों को हर दो घंटे में बस सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे आवागमन अधिक सुगम हो जाएगा। प्रत्येक तहसील और ब्लॉक के लिए करीब 20-20 मिनी बसों का शेड्यूल तैयार किया जाएगा। 

बसों के संचालन का समय इस तरह निर्धारित किया जाएगा कि अंतिम ठहराव ब्लॉक स्तर पर हो, ताकि सुबह 5 से 6 बजे के बीच वहीं से बसों का संचालन शुरू किया जा सके। इससे सुबह के समय जिला मुख्यालय आने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों की संकरी सड़कों को ध्यान में रखते हुए 15 से 28 सीटर मिनी बसों को संचालन के लिए चुना गया है। इन बसों का किराया सामान्य बसों की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत तक कम रखा जाएगा, जिससे यात्रियों को किफायती यात्रा का लाभ मिल सकेगा।

ये भी पढ़ें : 
अयोध्या में आग का तांडव : 58 बीघा गेहूं की फसल जली, 10 परिवार बेघर

संबंधित समाचार