SIR जांच में चौंकाने वाला खुलासा: अयोध्या में 55,414 मृतक मतदाता, 1.47 लाख शिफ्टेड, मतदाता संख्या घटी 2.57 लाख

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

इसी मतदाता सूची से कराए गए थे 2024 के लोकसभा चुनाव

अयोध्या, अमृत विचार: एसआईआर ने विधानसभा निर्वाचक नामावली में बड़ी संख्या में शामिल मृतक, अनुपस्थित और शिफ्टेड मतदाताओं के नाम का खुलासा किया। जांच में यह नाम पकड़ में आए, इन्हें सूची से हटा दिया गया। इसीलिए एसआईआर के बाद नई सूची की तस्वीर बदल गई। मतदाताओं का आंकड़ा लगभग 2.57 लाख गिर गया। अब जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या अब 16,50,655 हैं। पहले ये संख्या 19,07,800 थी।

किसी को अनुमान भी नहीं रहा होगा कि जिस मतदाता सूची से अभी 2024 में लोकसभा के चुनाव कराए गए। उनमें बड़ी संख्या में मृतक, अनुपस्थित मतदाताओं के नाम शामिल होंगे। एसआईआर के आंकड़ों पर गौर करें तो जिस सूची से चुनाव कराए गए उनमें 55,414 मृतक मतदाता शामिल थे। हालांकि यह नहीं कहा जा सकता कि इनके वोट पड़े, लेकिन यह बड़ी संख्या हैं। केवल सवा साल में जिले में इतने मतदाताओं की मौत नहीं हो सकती है।

एसआईआर की जांच में कई अन्य बड़े खुलासे भी हुए। जांच के दौरान जिले में लगभग एक लाख मतदाता अपने स्थान से अनुपस्थित पाए गए। यह संख्या भी कुल मतदाताओं की लगभग 5.27 फीसदी रही। इतनी बड़ी संख्या में मतदाता सवा साल में अपने स्थान से अनुपस्थित भी नहीं हो सकते हैं। संभव है कि इन मतदाताओं के नाम एक से ज्यादा स्थानों पर सूची में शामिल रहे हों। लोकसभा चुनाव के दौरान लगभग 1.5 लाख ऐसे मतदाता कहे जा सकते हैं जिनका वजूद नहीं था।

इसके अलावा भी 1,47,535 मतदाता ऐसे चिंहित किए गए जो स्थायी रूप से स्थानांतरित हो गए। हालांकि इसको लेकर जानकार कहते हैं कि एसआईआर के समय शहरी क्षेत्र के बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने गांवों को प्राथमिकता दी और उन्होंने वहां की मतदाता सूची में अपना नाम डलवाया। साथ ही इनके लिए भी कहा जा सकता है कि इनके नाम भी सूची में एक से ज्यादा स्थान पर दर्ज थे और एसआईआर में एक को छोड़ अन्य स्थानों से हटा दिए गए। यह संख्या लगभग 7.73 फीसदी रही।

जिले की सभी पांच विधानसभा क्षेत्र में 23,952 मतदाता ऐसे मिले जिनका नाम सूची में पहले से एनरोल्ड था। मतलब यह नाम डुप्लीकेट की श्रेणी में हो सकते हैं। यह संख्या 1.26 फीसदी रही। इसके अलावा अन्य की श्रेणी में 10,098 मतदाता मिले। इसके बाद पुनरीक्षण में फॉर्म छह से 77,265 नए मतदाता जोड़े गए। फॉर्म सात और आठ का निस्तारण किया गया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी उदयराज पांडेय ने बताया कि एसआईआर में जांच के बाद नई मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसमें मृतक, शिफ्टेड या डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम नहीं हैं।

अयोध्या में थे सर्वाधिक मृतक मतदाता

जिले के 55,414 मृतक मतदाताओं में सबसे ज्यादा संख्या 12,997 अयोध्या विधान सभा क्षेत्र में थी। रुदौली में 10,930, मिल्कीपुर में 8,194, बीकापुर में 12,618 और गोसाईगंज में 10,675 मतदाता थे।

सर्वाधिक अनुपस्थित और स्थायी शिफ्टेड भी अयोध्या में

अनुपस्थित एक लाख में सबसे ज्यादा संख्या अयोध्या विधान सभा क्षेत्र में 43,717 थी। रुदौली में 12,645, मिल्कीपर में 6,611, बीकापुर में 16,726 और गोसाईगंज में 20,844 रही। इसी तरह 14,7,535 में स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं में अयोध्या में 42,137, रुदौली में 26,402, मिल्कीपुर 22,737, बीकापुर में 27,607 और गोसाईगंज में 28,652 रही।

संबंधित समाचार