देवरिया में श्रमिकों के लिए 'हीट वेव' गाइडलाइन, धूप में काम करने वालों को सलाह, पानी और सिर पर बांधें गमछा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में इन दिनों लू(हीट वेव) से बचाव को लेकर श्रमिकों को सतर्क रहने की शुक्रवार को अपील करते हुए सहायक श्रम आयुक्त स्कन्द कुमार कहा है कि आम जनमानस के साथ-साथ धूप में कार्य करने वाले श्रमिक वर्ग के प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कारखानों, ईंट-भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों, दिहाड़ी श्रमिकों, डिलीवरी बॉय सहित धूप में कार्य करने वाले सभी श्रमिकों से अपील की है कि वे लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। 

उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने शरीर को पूरी तरह ढककर रखें तथा काम पर जाते समय गमछा, टोपी, हल्के कपड़े, चश्मा और जूते का प्रयोग अवश्य करें। साथ ही अपने पास पानी की बोतल व नींबू रखें तथा समय-समय पर शीतल जल, नींबू पानी, शिकंजी एवं नारियल पानी का सेवन करते रहें। उन्होंने कहा कि कार्य स्थल पर काम करते समय श्रमिक सिर पर गमछा बांधकर रखें।

उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों को दोपहर के समय धूप में बाहर न निकलने की अपील की और कहा कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। इसके अलावा अत्यधिक प्रोटीन युक्त एवं बासी भोजन के सेवन से भी परहेज करें। सहायक श्रम आयुक्त ने सेवायोजकों से भी अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में लू से बचाव के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित करें। 

श्रमिकों के लिए शीतल जल, ओआरएस घोल एवं छाया की व्यवस्था उपलब्ध कराएं तथा कार्य के समय में आवश्यक परिवर्तन करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रमिक को चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उसे तत्काल नजदीकी चिकित्सालय में उपचार के लिए भेजा जाए। 

ये भी पढ़ें : 
यूपी में किसानों को राहत, बेमौसम बारिश से प्रभावित फसलों की होगी खरीद, लस्टर लॉस गेहूं की स्वीकार्य सीमा अब 70% तक

संबंधित समाचार