बाराबंकी : सड़क पर उतरे नवोदय स्कूल के छात्र, विद्यालय प्रशासन पर मढ़े गंभीर आरोप, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

त्रिवेदीगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। भीषण गर्मी के बीच बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी से जूझ रहे छात्रों का गुस्सा गुरुवार को सड़क पर फूट पड़ा। त्रिवेदीगंज स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के सैकड़ों छात्रों ने कड़कड़ाती धूप में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे अफसरों ने उन्हे समझा बुझाकर शांत कराया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप रहा कि विद्यालय में बिजली, पानी और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।

बताया कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली गायब रहती है, जिससे पढ़ाई हो पा रही और न ही रात में ठीक से नींद मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि कई छात्रों की तबीयत खराब होने का खतरा बढ़ गया है। छात्रों ने थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य को अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि पीने के पानी की भी गंभीर समस्या है।

वहीं, विद्यालय में दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी बेहद खराब है, जिसे लेकर छात्रों में भारी आक्रोश है। हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया और किसी तरह उन्हें सड़क से हटाया। उधर इस मामले में विद्यालय के प्रिंसिपल आशुतोष मिश्रा ने जांच और सुधार का भरोसा दिया है।

cats

वहीं तहसीलदार राम जी द्विवेदी ने भी जल्द से जल्द सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी छात्र अपने स्कूल लौट गए। हालांकि, सवाल यह है कि प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में गिने जाने वाले नवोदय विद्यालय की यह स्थिति आखिर क्यों है। फिलहाल अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत जरूर है, लेकिन आक्रोश फिर भड़कने की संभावना है। 

नाममात्र के शुल्क के अलावा सब निशुल्क

जवाहर नवोदय विद्यालय भारत सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए संचालित छठी से 12वीं तक की एक शीर्षस्थ, पूर्णतः आवासीय और सह-शिक्षा प्रणाली है। यह सीबीएसई से संबद्ध है, जिसका मुख्य उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना, राष्ट्र के प्रति एकता विकसित करना और ग्रामीण प्रतिभाओं को बिना किसी वित्तीय बोझ के समान अवसर प्रदान करना है। यहां पर शिक्षा व आवास, शिक्षण सामग्री व संसाधन, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, खेलकूद व गतिविधियां, आवासीय व सुरक्षित माहौल, मेडिकल व यात्रा व्यय पूर्ण रूप से निशुल्क है। केवल नाममात्र विकास शुल्क जमा करना पड़ता है।

संबंधित समाचार