बाराबंकी : संजय सेतु बंद, पीपा पुल ने बढ़ाई राहगीरों की परेशानियां

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। मरम्मत के चलते संजय सेतु गुरुवार को आवागमन के लिए बंद कर दिया गया लेकिन वाहनों के लिए बनाए गए पीपा पुल ने राहत के बजाए लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित है। धूल के गुबार फांकते वाहन सवारों के साथ स्थानीय किसान भी परेशान हैं। हालांकि दो पालियों में पुलिस तैनात कर स्थिति नियंत्रित होने की बात कही जा रही। 

बताते चलें कि संजय सेतु बंद होने के बाद प्रशासन द्वारा पीपा पुल पर भारी वाहनों के आवागमन पर 16 अप्रैल से दो माह तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे मार्ग पर दबाव कम किया जा सके और कार्य समय पर पूरा हो सके। हल्के वाहनों की आवाजाही के लिए पीपा पुल को वैकल्पिक मार्ग के रूप में तैयार किया गया है, लेकिन यह सुविधा राहत देने के बजाय लोगों के लिए नई परेशानी बन रही है। पुल पर धूल और उड़ती गर्द से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

खासकर ऑटो, बाइक और खुले वाहनों से गुजरने वाले लोग खासे परेशान हैं। स्थिति यह कि छोटे मालवाहक वाहनों और पिकअप को भी पुल से गुजरने की अनुमति नहीं दी जा रही, चाहे वे खाली ही क्यों न हों। इससे स्थानीय व्यापार और दैनिक आवागमन दोनों प्रभावित हैं। इस बीच गेहूं की कटाई के सीजन में किसानों की मुश्किलें और बढ़ी हैं। कई किसानों के खेत नदी के पार होने के कारण फसल को घर तक लाना और पशुओं के लिए भूसा जुटाना चुनौती बन गया है। किसानों की मानें तो समय पर फसल न पहुंच पाने से उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। 

आवागमन में कमी का असर स्थानीय व्यवसायों पर भी पड़ा है। कई ढाबा संचालकों ने ग्राहक घटने के कारण अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं, जिससे रोजगार पर असर पड़ा है। उधर एसडीएम आनंद तिवारी, सीओ गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह और थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवागम सुचारू रखने के निर्देश संबंधित को दिये।

संबंधित समाचार