कानपुर : नगर निगम के दस्ते के साथ हाथापाई के दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के पनकी क्षेत्र में नगर निगम की डॉग कैचर टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं नगर निगम मुख्यालय के नागरिक सुविधा केंद्र, जोन-2 में अनुशासनहीनता के मामले में दो कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार 15 अप्रैल की रात पनकी क्षेत्र में डॉग कैचर टीम अपने नियमित कार्य में लगी थी। 

इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने टीम पर हमला कर दिया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद 16 अप्रैल को पनकी थाने में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नगर निगम ने कहा है कि इस प्रकार की हिंसात्मक घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

घायल कर्मचारियों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई है तथा उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। एक अन्य मामले में नगर निगम मुख्यालय स्थित नागरिक सुविधा केंद्र, जोन-2 से संबंधित सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की गई। वीडियो में कार्यालय के कर्मचारियों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद, गाली-गलौज और हाथापाई की घटना सामने आई थी।

मामले की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता पाए जाने पर सूरज कुमार, कनिष्ठ लिपिक (परियोजना विभाग) तथा नरेंद्र कुमार, चपरासी (जोनल कार्यालय, जोन-2) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच एक वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी गई है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता, कदाचार अथवा कार्यालयीन मर्यादा के उल्लंघन को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। 

संबंधित समाचार