Barabanki Crime News : पांच दिन से लापता रेलकर्मी का मिला शव, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

निन्दूरा/बाराबंकी, अमृत विचार। बड्डूपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। फोटो वायरल होते ही जुटे परिजनों ने उसकी पहचान की। धार्मिक यात्रा से लौटते समय वह अचानक गायब हो गया था। वहीं मृतक रेल महकमे में चतुर्थ श्रेणी कर्मी भी था। गुरुवार को थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में मिले अज्ञात शव की पहचान प्रमोद राजपूत 28 पुत्र स्व. बाबू लाल निवासी बंकी रामलीला मंच नगर कोतवाली क्षेत्र के रूप में की गई।

परिजनों के अनुसार प्रमोद 10 अप्रैल को अपनी मां रामावती, भाई, पत्नी और बच्चों के साथ बस से पूर्णागिरि यात्रा पर गया था। 13 अप्रैल को जब परिवार वापस लौटा, तो वह महमूदाबाद स्थित संकटा देवी मंदिर से लापता हो गया। परिजनों की काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 14 अप्रैल को प्रमोद की मां और भाई ने महमूदाबाद पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी थी। इसी बीच चंदौली गांव के बाहर एक युवक का शव मिला, जिसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। फोटो देख परिजनों ने युवक की पहचान कर ली। 

घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार संकटा देवी मंदिर में ही प्रमोद की मानसिक स्थिति अचानक बिगड़ गई थी और वह लापता हो गया। प्रमोद रेलवे विभाग में मृतक आश्रित के तहत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पिता ने बेटी माना, मां के इंकार से पेशोपेश में पुलिस

निन्दूरा : बुधवार सुबह नहर किनारे मिले युवती के शव को लेकर संदेह और गहरा गया है। गोण्डा से आए जिस शख्स ने मृतका को अपनी बेटी बताया, उसकी पत्नी ने अपनी बेटी मानने से इंकार कर दिया। अब इस शव को लेकर पुलिस पेशोपेश में है, हालांकि शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। बताते चलें कि बड्डूपुर थाना क्षेत्र में बाबा त्यागी दास कुटी के पास पिपरौली शारदा नहर पुल की ढलान पर करीब 26 वर्षीय युवती का शव ग्रामीणों ने देखा। मौके पर भीड़ जुटी, वहीं पहुंची थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

 एक ओर घटनास्थल पर युवती का चेहरा किसी रसायन से जलाने का प्रयास किया गया, वहीं उसकी गला दबाकर हत्या की संभावना बलवती हो गई। पहचान के प्रयास जारी ही थे कि गोंडा जिला में कोतवाली देहात क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव से बाराबंकी आए फूलचंद वर्मा ने मृतका की पहचान अपनी पुत्री लक्ष्मी के रूप में की। पुलिस सिरा तलाश ही रही थी कि फूलचंद्र की पत्नी ने युवती को अपनी बेटी मानने से इंकार कर दिया। इसके बाद दंपति तो चले गए लेकिन पुलिस की मुसीबत बढ़ गई। हर पहलू को जांच में शामिल किया जा रहा है। थानाध्यक्ष मनोज सोनकर ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी है लेकिन प्रयास निरंतर जारी हैं।

ट्रेन की चपेट में आए बुजुर्ग समेत दो की मौत 

फतेहपुर/हैदरगढ़: गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहली घटना फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमपुर की है। यहां के निवासी शिव भजन (80) गुरुवार सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान वह गांव से कुछ दूरी पर स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए, जहां गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूसरी घटना हैदरगढ़ क्षेत्र में सामने आई। चौबीसी गांव मजरा अलीपुर निवासी धर्मेंद्र कोरी 28 जो बचपन से मंद बुद्धि था, बुधवार रात घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह उनका शव पदुमपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास, पदुमपुर और अलीपुर के बीच रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। आशंका है कि वह ट्रेन की चपेट में आ गए। मजदूरी करने वाला मृतक अविवाहित और चार भाइयों में सबसे बड़ा था।

संबंधित समाचार