धार्मिक पर्यटन के लिए करोड़ों की परियोजनाएं स्वीकृत: नैमिषारण्य-दधीचि तीर्थ के साथ औरैया-अमरोहा में मिलेगी पर्यटन को रफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : राज्य सरकार धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर निवेश कर रही है। इसी कड़ी में सीतापुर के मिश्रिख स्थित महर्षि दधीचि तीर्थ के विकास के साथ-साथ औरैया व अमरोहा जिलों में भी करोड़ों रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

सीतापुर में महर्षि दधीचि की तपोभूमि के विकास के लिए 99.14 लाख रुपये की परियोजना पर काम शुरू हो गया है। पहली किस्त के रूप में 74 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत यात्री शेड, चेंज रूम, भव्य प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार का लक्ष्य नैमिषारण्य को विश्वस्तरीय धार्मिक-पर्यटन हब के रूप में स्थापित करना है।

उधर, कानपुर मंडल के औरैया जिले में भी पर्यटन विकास के लिए 278 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से दिबियापुर के सेहुद धाम हनुमान मंदिर, विधूना के दुर्वासा आश्रम और सहार क्षेत्र के गंगा बाबा स्थल का विकास किया जाएगा।

इसी तरह मुरादाबाद मंडल के अमरोहा में पांच परियोजनाओं के लिए 337 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें बाबा लालचंद मंदिर, धुने वाले बाबा शिव मंदिर, प्रज्ञा बुद्ध विहार, डिडौली शिव मंदिर और चामुंडा देवी मंदिर का विकास शामिल है। इन सभी कार्यों के लिए यूपीएसटीडीसी को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी, राष्ट्र प्रेरणा स्थल में होगी आईपीएल की लाइव स्क्रीनिंग

 

 

संबंधित समाचार