नवनिर्मित भवन का लोकार्पण: वन कर्मियों की सुविधाएं बढ़ाना विभाग की प्राथमिकता- डीएफओ
बाराबंकी: अमृत विचार। वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों की कार्यक्षमता और मनोबल बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बाराबंकी वन विभाग ने नए आवासीय भवनों का निर्माण पूरा कर लिया है। जिले केदेवा वन रेंज कार्यालय परिसर में शुक्रवार को नवनिर्मित श्रेणी-दो भवन का लोकार्पण प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन ने फीता काटकर किया। वन क्षेत्राधिकारी मयंक सिंह ने बताया कि पुराने आवास जर्जर हो चुके थे, जिससे वन कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
जर्जर भवनों की समस्या से मिला छुटकारा
लंबे समय से की जा रही मांग के बाद अब नए भवन का निर्माण पूरा हो सका है, जिससे कर्मियों को बेहतर आवास सुविधा मिलने के साथ विभागीय कार्यों के संचालन में भी सुगमता आएगी। उन्होंने बताया कि देवा रेंज के अलावा शाहपुर और इनायतपुर में भी श्रेणी-एक भवनों का निर्माण कराया गया है, जिससे अन्य वन कर्मियों को भी लाभ मिलेगा।
सिर्फ देवा ही नहीं, अन्य रेंज में भी हुआ विकास
प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन ने कहा कि वन कर्मियों की सुविधाएं बढ़ाना विभाग की प्राथमिकता है। जर्जर भवनों में कार्य करना कठिन होता है, लेकिन नए भवन से कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक लगन से अपने दायित्व निभा सकेंगे। कार्यक्रम में एसडीओ अवधेश कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
